संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा निष्पक्ष चुनाव की मांग को लेकर वीरवार को साढौरा में वोट बचाओ-देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च निकालकर मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंककर रोष जताया। ।
ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की ओर से वाल्मीकि भवन परिसर में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता कांग्रेस जिलाध्यक्ष नरपाल सिंह गुर्जर ने की। इस दौरान समीक्षा बैठक के बाद रोष प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने मताधिकार की सुरक्षा, मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा और लोकतांत्रिक मूल्यों को बनाए रखने की मांग की।
राजीव गांधी पंचायत प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष अनिल संधू और ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अख्तर अली ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की बुनियाद है। प्रत्येक नागरिक के मत का महत्व है, इसलिए चुनाव प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी होनी चाहिए। इससे लोकतांत्रिक संस्थाओं पर जनता का विश्वास कायम रहेगा। सुधीर भल्ला ने चुनाव व्यवस्था से जुड़े सवाल उठाते हुए लोकतांत्रिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखने की मांग की।
प्रदर्शन के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने वोट चोरी का आरोप लगाकर रोष जताया। इस दौरान जिला उपाध्यक्ष वेद प्रकाश मेहरामपुर, जिला महासचिव मुकेश पाल, गगन टोडरपुर, अमर सिंह बाल्टी, दाताराम, नीरज शाहपुर, रेखा कश्यप, उषा कमल, मिथलेश चौधरी, परमिंदर कौर, गुलजार सिंह रादौर, संदीप चौधरी सहित अन्य मौजूद रहे।