गांधी नगर थाना क्षेत्र की मॉडर्न कॉलोनी में पता पूछने के बहाने एक्टिवा सवार दो युवकों ने महिला के कानों से सोने की बालियां झपट ली। वारदात के दौरान महिला के कान भी लहूलुहान हो गए। शिकायत पर केस दर्ज कर पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
मॉडर्न कॉलोनी निवासी शकुंतला ने गांधी नगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बुधवार दोपहर बाद वह अपने घर के बाहर खड़ी थी। तभी एक्टिवा पर सवार होकर दो अज्ञात युवक आए। आरोपियों ने उससे एक व्यक्ति के घर का पता पूछा। जब वह आरोपियों को इशारे से पता बताने लगी तो एक्टिवा सवार युवक ने उसके कानों पर झपट्टा मारकर सोने की दोनों बालियां छीन ली। कानों से बालियां छीनने पर उसके कान जख्मी हो गए। जब उसने शोर मचाया तो आरोपी एक्टिवा की तेज गति कर वहां से आईटीआई की तरफ फरार हो गए। उसके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उपचार के बाद परिजन उसे लेकर थाने पहुंचे जहां उन्होंने पुलिस को घटना की शिकायत दी। गांधी नगर थाना प्रभारी जसबीर सिंह का कहना है कि मामले में अज्ञात दो युवकों पर केस दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।