संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। रोहतक में हुई तीन दिवसीय राज्यस्तरीय ग्रैपलिंग प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन किया। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 35 पदक जीतकर रिकाॅर्ड बनाया है। शानदार प्रदर्शन व 35 पदक जीतने पर ओवरऑल चैंपियन का खिताब दिया गया।
प्रतियोगिता 13 से 15 जून तक करवाई गई। सोमवार देर शाम खिलाड़ी रोहतक से लौटे हैं। शानदार प्रदर्शन व ओवरऑल चैंपियन बनने पर खिलाड़ियों का जोरदार स्वागत किया। जिला ग्रैपलिंग संघ जिलाध्यक्ष एवं वार्ड-3 पार्षद जयंत स्वामी ने बताया कि रोहतक के महर्षि दयानंद विश्वविद्यालय में यह प्रतियोगिता करवाई गई थी। इसमें जिले के कुल 47 खिलाड़ियों ने भाग लिया था।
इनमें से 35 खिलाड़ियों ने पदक जीतकर प्रदेश भर में जिले का नाम रोशन किया है। इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने अपना दबदबा कायम करते हुए 12 स्वर्ण, 13 रजत और 10 कांस्य पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने 35 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम कर किया।
विजेताओं के घर लौटने पर जिलाध्यक्ष, भाजयुमो जिलाध्यक्ष निश्चल चौधरी ने खिलाड़ियों का फूल-माला पहनाकर स्वागत किया और उनकी इस शानदार जीत के लिए सम्मानित किया। इस दौरान जिलाध्यक्ष जयंत स्वामी ने कहा कि सरकार खेलों को बढ़ा देने के लिए सभी प्रयास कर रही है। इसके लिए खिलाड़ियों को सभी सुविधाएं व सहायता मुहैया करवाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि जिले के छोटे बच्चों ने प्रतियोगिता में जो उत्साह व प्रतिभा दिखाई है, वह अन्यों के लिए प्रेरणा है। विद्यार्थियों व युवाओं को खेलों में भाग लेकर जिले, प्रदेश व देश का नाम रोशन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार खेलों में पदक लाने वाले खिलाड़ियों को पद व पैसा देकर सम्मानित व प्रोत्साहित कर रही है।