संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। खेल नर्सरियों में दाखिला लेने से चूके खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। जिले को दस और खेल नर्सरियां मिली हैं। इन नई खेल नर्सरियों के लिए 30 अप्रैल तक ट्रायल लिए जाएंगे। इन नर्सरियों की शुरुआत एक मई से की जानी है। दाखिला लेने के लिए ट्रायल संबंधित नर्सरियों में ही ट्रायल होंगे।
नई दस नर्सरियों में चार निजी संस्थान हैं और छह पंचायती व खेल विभाग के संस्थान हैं। प्रत्येक नर्सरी के लिए 25 खिलाड़ियों का चयन किया जाना है। ट्रायल में आठ से 18 वर्ष तक के खिलाड़ी भाग ले सकते हैं। ट्रायल में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों को अपने जन्म प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र सहित अन्य दस्तावेज साथ लेकर जाने होंगे। ट्रायल के लिए खिलाड़ियों को प्रशिक्षण अधिकारी संपर्क करना होगा।
इन 10 नर्सरियों में तीन हॉकी, तीन एथलेटिक्स, एक कराटे, एक तलवारबाजी, एक लॉन टेनिस और एक बॉस्केटबॉल की हैं। जिला खेल अधिकारी शिल्पा गुप्ता ने बताया कि खेल नर्सरी संचालकों को 30 अप्रैल तक ट्रायल पूरे करके रिपोर्ट करनी होगी। खेल नर्सरियों की शुरुआत एक मई से की जाएगी। विभाग की ओर से आठ से 14 वर्ष तक 1,500 रुपये और 15 से 18 आयु वर्ग के खिलाड़ियों को 2,000 रुपये का खुराक भत्ता दिया जाता है।
यहां खुलेंगी नर्सरियां
विभाग की ओर से ग्राम पंचायत कांजनू को हॉकी, ग्राम पंचायत नाचरौन को एथलेटिक्स की नर्सरी मिली है। वहीं राजीव गांधी खेल परिसर नागल को तलवारबाजी, राजीव गांधी खेल परिसर छछरौली को लॉन टेनिस, राजीव गांधी खेल परिसर बरसान को एथलेटिक्स, नगर पालिका रादौर को एथलेटिक्स की नर्सरी चलाने की अनुमति मिली है। मुकंद लाल पब्लिक स्कूल सरोजनी कॉलोनी को हॉकी, महाराजा अग्रसेन जगाधरी स्थित सरस्वती पब्लिक स्कूल को कराटे और बॉस्केटबॉल और सरस्वती विद्या मंदिर जगाधरी को हॉकी की नर्सरी मिली है।