यमुनानगर। मेहरमाजरा निवासी नीटू हत्याकांड में जांच से असंतुष्ट परिजन और ग्रामीण शनिवार को एसपी कमलदीप गोयल से मिले। आरोप लगाया कि पुलिस ने मामले में केवल मृतक की पत्नी पूजा को ही गिरफ्तार किया है, जबकि वारदात में अन्य लोगों की भी संलिप्तता थी। उन्होंने बताया कि वारदात के दिन भी दो लोगों को मुंह पर कपड़ा बांधकर घर में देखा गया था। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जल्द खुलासे की मांग उठाई।
घटनाक्रम के अनुसार मेहरमाजरा निवासी खड़क सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसके बेटे नीटू की शादी 11 साल पहले उत्तर प्रदेश के शामली जिले के गांव दसाला निवासी पूजा से हुई थी। शादी के बाद उसके बेटे नीटू को दो बेटे भी पैदा हुए। आरोप है कि इस दौरान बेटे की पत्नी का गांव के ही बबनीश से अवैध संबंध हो गए। इसी कारण 26 जून 2021 को बेटे की पत्नी ने ही उसकी हत्या करा दी। सुबह बेड पर मृत मिले बेटे को देखकर परिवार में चीख पुकार मच गई। उस दौरान किसी को हत्या का अंदेशा नहीं था। तब उन्होंने बिना सोचे समझे उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया, लेकिन एक दिन बबनीश ने व्हाट्सअप ग्रुप पर उसकी पुत्रवधू की फोटो डाली, जिससे उसे शक हुआ कि उसके बेटे की हत्या हुई है। जब इस बारे में नीटू के छोटे बेटे से पूछा गया तो उसने बताया कि 26 जून की रात को दो व्यक्ति मुंह पर कपड़ा बांध कर घर में आए थे। वे मां से आकर मिले थे। इसके बाद वे घर में घुस गए और फिर पिछले दरवाजे से बाहर निकल गए।
इसके बाद 20 अक्तूबर 2021 को मेहरमाजरा निवासी खड़क सिंह की शिकायत पर पुलिस ने बेटे नीटू की हत्या के आरोप में नीटू की पत्नी पूजा और उसके पिता उत्तर प्रदेश के गांव दसाला निवासी मेनपाल व बबनीश के खिलाफ केस दर्ज किया था, लेकिन गिरफ्तारी केवल मृतक के पत्नी पूजा की ही हुई थी। इस संबंध में एकबार फिर एसपी कार्यालय पहुंचकर परिजनों और ग्रामीणों ने निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।
फोटो- 15