संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। रिटायर्ड कॉलेज प्रिंसिपल एंड टीचर्स एसोसिएशन की जोन स्तरीय विशेष बैठक एमएलएन कॉलेज में हुई। बैठक प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बलबीर सिंह के नेतृत्व में हुई। एमएलएन कॉलेज के प्राचार्य डॉ. अनिल धवन मुख्यातिथि रहे। बैठक में एसोसिएशन की लंबित मांगों, आठवें वेतन आयोग और पेंशन संबंधी मामलों पर चर्चा की गई।
जोन प्रधान डॉ. सुभाष वोहरा ने आठवें वेतन आयोग की प्रगति की जानकारी दी और बताया कि आयोग की समिति विभिन्न राज्यों में कर्मचारी संगठनों और रिटायर्ड एसोसिएशनों से सुझाव ले रही है। इसके बाद ही आयोग अपनी रिपोर्ट केंद्र सरकार को सौंपेगा। प्रदेशाध्यक्ष डॉ. बलबीर सिंह ने कहा कि रिटायर्ड कर्मचारियों को अपने अधिकारों के लिए संगठित होकर संघर्ष करना होगा।
उन्होंने बताया कि सरकार से हुई वार्ता में कुछ मांगों पर सकारात्मक सहमति बनी है औरइंक्रीमेंट का लाभ मिलने की संभावना प्रबल है। उन्होंने कहा कि 80 वर्ष से अधिक आयु के पेंशनरों को 20 प्रतिशत पेंशन वृद्धि, नोशनल पे फिक्सेशन, वर्ष 2006 से पहले सेवानिवृत्त प्रिंसिपलों की फिक्सेशन तथा 1998 से पहले सेवानिवृत्त शिक्षकों की पेंशन मामले न्यायालय में विचाराधीन हैं।
वहीं 12 प्रतिशत कंपाउंड ब्याज, ट्रेजरी के माध्यम से पेंशन, तलाकशुदा बेटियों को फैमिली पेंशन तथा 36 दिन के हड़ताल अवधि के भुगतान जैसे मुद्दों पर सरकार से बातचीत जारी है। इस दौरान सचिव डॉ. देवेंद्र आनंद, डॉ. शैलेश कपूर, डॉ. हरिंद्र सिंह कंग, डॉ. आईपी आनंद, वित्त सचिव डॉ. युगेश कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे।