जगाधरी। विधानसभा क्षेत्र की भाजपा संगठनात्मक बैठक शनिवार को पार्टी कार्यालय में हुई। बैठक में पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं वरिष्ठ भाजपा नेता कंवरपाल गुर्जर ने कार्यकर्ताओं को संगठन की मजबूती और आगामी कार्यक्रमों को लेकर सरकार की योजनाएं समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की उपलब्धियों व विकास कार्यों की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि भाजपा अपने समर्पित कार्यकर्ताओं की बदौलत विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है और बूथ स्तर पर संगठन को और मजबूत करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर उनकी समस्याएं सुनने तथा उनके समाधान के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
साथ ही कार्यकर्ताओं के समर्पण और मेहनत की सराहना करते हुए भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार रहने का संदेश दिया। बैठक में स्थानीय नेताओं ने भी अपने विचार रखे और जगाधरी विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी साझा की। सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने संगठन को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया। बैठक में शक्ति केंद्र प्रमुख, बूथ अध्यक्ष, मंडल पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।