यमुनानगर। डीसी पार्थ गुप्ता ने शुक्रवार को लघु सचिवालय में अधिकारियों की बैठक ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की ओर से 24 अप्रैल को आजादी के अमृत महोत्सव के तहत कराए जा रहे श्रीगुरु तेग बहादुर के 400वें प्रकाश उत्सव की तैयारियों पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने 24 अप्रैल को श्रद्धालुओं को समारोह में ले जाने के लिए व्यवस्था के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने सभी प्रबंध पूरे कर लिए हैं। जिले से काफी संख्या में श्रद्धालु 130 बसों से समारोह में पहुंचेंगे। जिले की सामाजिक, धार्मिक व शैक्षणिक संस्थाएं भी श्रद्धालुओं को सहयोग दे रही हैं। कार्यक्रम के जिला नोडल अधिकारी एवं जिला परिषद् के सीईओ नवीन आहूजा ने एक अनुमान के अनुसार जिले से करीब छह हजार श्रद्धालु उत्सव में हिस्सा लेंगे।
उन्होंने बताया कि जिलास्तर पर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बसों में ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल और जलपान की व्यवस्था की गई है। श्रद्धालुओं को उनके आवास के नजदीकी स्थान से बसों में बैठाया जाएगा और वहीं पर वापस छोड़ा जाएगा। भाजपा जिलाध्यक्ष राजेश सपरा ने बताया कि किसी श्रद्धालु को परेशानी न आए, इसलिए पार्टी की ओर से भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। सभा स्थल पर भी गुरु जी के लंगर चलाए गए हैं। इस मौके पर जगाधरी एसडीएम सुशील कुमार, बिलासपुर एसडीएम जसपाल सिंह गिल, रादौर एसडीएम दिलबाग सिंह, सीटीएम अशोक कुमार व अन्य अधिकारी मौजूद रहे।