संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम की ीओर से वार्ड एक के खेड़ा गांव में एक करोड़ 52 लाख 14 हजार रुपये की लागत से विभिन्न गलियों और नालियों का नवनिर्माण तथा गांव के श्मशान घाट के जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा। शनिवार को इन विकास कार्यों का मेयर सुमन बहमनी ने पूर्व मंत्री कंवरपाल, पूर्व विधायक बलवंत सिंह, भाजपा मंडल अध्यक्ष प्रियंक शर्मा, पार्षद रीना रस्तोगी की उपस्थिति में शिलान्यास किया।
यह विकास कार्य होने से खेड़ा गांव के लोगों को बेहतर गलियों की सुविधा मिलेगी। साथ ही क्षेत्र की जल निकासी व्यवस्था सुदृढ़ होगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध होगी। मेयर बहमनी ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य शहर के हर वार्ड में समान रूप से विकास कार्य कराना है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि लंबे समय से गांव की गलियों की हालत खराब थी और बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या होती थी। गालियां और नालियां बनने से बारिश के पानी की निकासी सुचारू होगी। मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और तय समय सीमा में कार्य को पूरा किया जाए।
पूर्व मंत्री कंवरपाल ने कहा कि नगर निगम जनता के टैक्स के पैसे से विकास कार्य कर रहा है, इसलिए हर कार्य पारदर्शिता और मजबूती के साथ होना चाहिए। नगर निगम सहायक अभियंता मुनेश्वर भारद्वाज ने कहा कि प्राथमिकता के आधार पर सभी गलियों का निर्माण किया जाएगा। मौके पर निगम के कनिष्ठ अभियंता अमित कुमार, गगन संधू, समनदीप, त्रिलोचन सिंह मौजूद रहें।