संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के वार्ड चार के बूड़िया व भगवानगढ़ गांवों के लोगों के लिए अच्छी खबर है। दोनों गांवों को जल्द 35 लाख रुपये के विकास कार्यों की सौगात मिलने जा रही है, जिसके लिए नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी की ओर से ई-निविदाएं लगा दी गई हैं।
यह काम वित्त वर्ष 2024-25 के डी प्लान के तहत कराए जाएंगे। इनमें बूड़िया गांव के जलघर में 7.58 लाख रुपये से कार्य आदेश जारी होने पर एक माह 20 दिन की अवधि में शौचालय निर्माण होगा। ऐसे ही बूड़िया में ही जय भगवान के घर से बाबूराम के घर और देवी मंदिर से साेनू के घर तक 8.38 लाख रुपये से तीन माह 25 दिन में गली व नाली का निर्माण किया जाएगा।
बूड़िया में पुलिस थाने से चुन्नी लाल के घर तक 4.24 लाख रुपये से एक माह 20 दिन की अवधि में पाइप बिछाने के काम होने हैं। इसके अलावा गांव भगवानगढ़ में 15.01 लाख रुपये से सुखमणि रिजॉर्ट समीप तीन माह 25 दिन की अवधि में सड़क का निर्माण होना है। दोनों गांवों में इन कामों की काफी समय से लोग मांग कर रहे थे, जिनके न होने से अभी लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
एक सप्ताह में चार करोड़ की निविदाएं
नगर निगम की ओर से गत एक सप्ताह में करीब चार करोड़ रुपये के कामों की ई निविदाएं लग चुकी हैं। इनमें वार्ड चार, नौ, 12, 14, 16, 18, 19, 20, 21, 22 में गलियों-नालियां से लेकर अन्य निर्माण कार्य शामिल हैं। नगर निगम अफसर विधानसभा चुनाव की आचार संहिता हटने के बाद से लगातार शहर में होने वाले विकास कार्यों की ई निविदाएं लगा रहे हैं। इनमें नए सहित वह कार्य भी शामिल हैं, जिनकी ई निविदा प्रक्रिया विधानसभा चुनाव की आचार संहिता लगने के कारण पूरी नहीं हो पाई थी।
शहर के लिए जरूरी कामों को प्राथमिकता से लिया जा रहा है। ऐसे कार्य जल्द शुरू व समय पर पूरे कराने का प्रयास है। इसके तहत नए टेंडर व पुराने रिकॉल किए जा रहे हैं। -आयुष सिन्हा, आयुक्त, नगर निगम।