संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ग्रीष्म ऋतु के आगमन को लेकर डीसी पार्थ गुप्ता ने जिला सचिवालय के सभागार में विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक की। डीसी ने ग्रीष्म ऋतु से पहले समर एक्शन प्लान यमुनानगर को मंजूरी दी है।
इस दौरान जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता ने डीसी को ताया कि जिला के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के अन्तर्गत पीने के पानी के 359 ट्यूबवेल एवं 5 बूस्टर पंप तथा ग्रामीण क्षेत्र में कुल 841 ट्यूबवेल एवं 9 बूस्टर पंप द्वारा पीने के पानी की सप्लाई दी जा रही है।
डीसी ने ग्रीष्म ऋतु से पहले समर एक्शन प्लान यमुनानगर को मंजूरी दी है और इस विषय में आदेश जारी किए है कि पीने के पानी में उचित मात्रा में क्लोरीन की व्यवस्था जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा की जाए, ग्रीष्म ऋतु में जहां पानी की समस्या हो वहां टैंकरों की मदद से पानी की व्यवस्था की जाएं, पीने के पानी के व्यर्थ बहाव को रोकने के लिए पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
उन्होंने शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में ट्यूबवेल चलाने के समय को सुबह 5 से सुबह 10 बजे तक, दोपहर 12 बजे से दोपहर 2 बजे तक, शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक निर्धारित किया है। इस मौके पर सिंचाई विभाग के अधीक्षक अभियंता रवि मित्तल, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के कार्यकारी अभियंता दिनेश गाबा सहित अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।