संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिला सचिवालय में मंगलवार को डीसी पार्थ गुप्ता ने विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों से करवाए जा रहे विकास कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। डीसी ने कहा कि विकास कार्यों को समय अवधि के तहत चरणबद्ध तरीके से पूरा करवाएं। वहीं निर्माण में प्रयोग सामग्री की गुणवत्ता की निरंतर जांच करते रहे। इसमें किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।
डीसी ने बागवानी विभाग के अधिकारी को क्षेत्र में सब्जी, फल की खेती करने वाले किसानों की सफलता को उजागर करने के लिए निर्देश दिए। उन्होंने चाइल्ड लेबर डिपार्टमेंट के अधिकारी को कहा कि 18 वर्ष से कम की आयु के बच्चे ढाबों, रेस्टोरेंट, मॉल, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड पर कार्य कर रहे हैं, तो ऐसे बच्चों को भी पकड़े ताकि छोटी आयु के बच्चों से कार्य न लिया जा सके।
उन्होंने प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना मत्स्य विभाग को निर्देश दिए कि योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करें। जिससे योजना का लाभ पात्र व्यक्ति को मिल सके। रोजगार विभाग, कृषि किसान कल्याण विभाग, आबकारी एवं कराधान विभाग, पशुपालन विभाग, हरियाणा बैकवर्ड क्लास मिशन, प्रबंधक लीड बैंक व अन्य विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने विभाग से संबंधित योजनाओं की जानकारी लोगों तक पहुंचाएं। इस दौरान एडीसी नवीन आहुजा, नगराधीश पीयूष गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।