संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। डीएवी गर्ल्स कॉलेज में जनसंचार विभाग की छात्रा विधि शर्मा ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की मेरिट लिस्ट में पहला स्थान पाया है। वहीं तनिष्का पुंडीर ने सातवां स्थान पाया है। छात्राओं के शानदार प्रदर्शन से कॉलेज स्टाफ में उत्साह है। प्रिंसिपल और प्राध्यापकों ने छात्राओं को कॉलेज बुलाकर मंगलवार को सम्मानित किया।
विश्वविद्यालय की ओर से यह सूची छठे सत्र के परीक्षा परिणाम के बाद जारी की है। इसके अलावा अर्शदीप कौर ने मेरिट सूची में 14वां स्थान प्राप्त किया है। तीसरे सत्र की मेरिट सूची में पूर्वी चावला, शिवी राणा व साक्षी पुंडीर ने पहला स्थान लेकर विश्वविद्यालय में टॉप किया है। कामाक्षी दीक्षित ने छठा स्थान प्राप्त किया है। प्रिंसिपल डॉ. आभा खेत्रपाल व वाइस प्रिंसिपल डॉ. मीनू जैन ने छात्राओं को बधाई दी। उन्होंने बताया कि छात्राओं ने प्रदेशभर में कॉलेज व जिले का नाम रोशन किया है। वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह में सभी छात्राओं को सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने छात्राओं, विभागाध्यक्ष परमेश कुमार व प्राध्यापिका सुखजीत कौर इसके लिए बधाई दी।
विभागाध्यक्ष परमेश कुमार त्यागी ने बताया कि बीए जनसंचार अंतिम वर्ष की छात्रा विधि शर्मा ने 87 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पाया है। तनिष्का पुंडीर ने 84 प्रतिशत अंक लेकर सातवां और अर्शदीप कौर ने 80.5 प्रतिशत अंक लेकर 14वां स्थान पाया है। तीसरे सत्र की मेरिट सूची में बीए जनसंचार की छात्रा पूर्वी चावला, शिवी राणा व साक्षी पुंडीर ने संयुक्त रूप से 98.6 प्रतिशत अंक लेकर टॉप किया है। कामाक्षी दीक्षित ने 96 प्रतिशत अंक लेकर छठा स्थान पाया है।
आईएएस बनना चाहती हैं विधि और तनिष्का
विश्वविद्यालय की टॉपर विधि शर्मा व सातवें नंबर पर रही तनिष्का पुंडीर आईएएस बनकर देश की सेवा करना चाहती है। विधि शर्मा ने बताया कि अपना लक्ष्य पाने के लिए उसने पहली सीढ़ी पार कर ली है। अब वह दूसरे पड़ाव के लिए जी जान से जुट गई हैं।