यमुनानगर। नवंबर माह में जिले के हजारों लोगों को सरकारी डिपो से पूरा राशन उपलब्ध नहीं हो पाया। ऐसे में खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने राशन वितरण की तारीख को आगे बढ़ा दिया है। इससे लोगों को बड़ी राहत मिली है।
वंचित लोगों को पिछले माह का राशन भी मिल पाएगा।
नए आदेशों के अनुसार जो लोग नवंबर माह में गेहूं व बाजरा लेने से वंचित रह गए थे वह अब 19 दिसंबर तक राशन ले सकेंगे। वहीं जिन्हें नवंबर माह में सरसों अथवा सूरजमुखी का तेल नहीं मिला उन्हें 31 दिसंबर तक तेल दिया जाएगा।
बाजरा, गेहूं व सरसों का तेल से वंचित लोगों को अब नवंबर व दिसंबर दोनों माह का राशन दिया जाएगा। इसे लेकर खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक ने सभी डिपो को आदेश जारी कर दिए हैं। जिले में कुल 269354 राशन कार्ड धारक हैं। इनमें बीपीएल कार्डों की संख्या 225485 और एएवाई 13869 कार्ड हैं। कुल डिपो 576 हैं जिनसे बीपीएल परिवारों को हर माह सस्ती दर पर राशन दिया जाता है।
डिपो से लोगों को चीनी, गेहूं, बाजरा व तेल दिया जाता है। परंतु इस बार नवंबर माह में काफी लोगों को डिपो से पूरा राशन ही नहीं मिला। इस बार तो ज्यादातर डिपो पर सरसों या सूरजमुखी का तेल ही नहीं आया। सरसों का तेल 20 रुपये प्रति लीटर की दर से 40 रुपये में दो लीटर तेल प्रत्येक परिवार को दिया जाता है। जबकि बाजार में एक लीटर तेल की कीमत 150 रुपये है। इस तरह दो लीटर तेल के लिए गरीब लोगों को 300 रुपये चुकाने पड़ते हैं। जब नवंबर माह में तेल नहीं पहुंचा तो लोगों ने मजबूरी में इसे बाजार से खरीदा।
नवंबर माह में हजारों लोगों को गेहूं, बाजरा व सरसों का तेल नहीं मिलने का मामला अमर उजाला ने प्रमुखता से प्रकाशित किया था। जिसमें बताया गया था कि कैसे लोगों को डिपो से राशन नहीं मिलने पर उन्हें बाजार से महंगे दाम पर बाजार से तेल खरीदना पड़ रहा है। वहीं इसमें डिपो पर राशन सप्लाई करने वाले ठेकेदारों की लेट लतीफी को भी उजागर किया गया था। जिससे लोग राशन से वंचित रह रहे हैं।