साइबर ठगों ने पेपर मिल में सहायक प्रबंधक मनमीत सिंह साहनी को बातों में उलझाकर उससे 81863 रुपये ठग लिए। शहर थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में केस दर्ज किया है।
शिवाजी पार्क मॉडल टाउन निवासी मनमीत सिंह साहनी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि वह पेपर मिल में सहायक प्रबंधक के पद पर नौकरी करता है। इसके साथ ही वह ऑनलाइन ट्रेडिंग का काम भी करता है। उसके पास 11 सितंबर को सुबह 9 बजे अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। आरोपी ने कहा कि वह इंडियन आर्मी से बोल रहा है। उसने एप्रिन के 60 पीस का ऑर्डर किया हुआ है। इसके बाद उसकी आरोपी के साथ व्हाट्सएप पर भी बात होती रही। आरोपी ने उससे कहा कि वह इसका भुगतान ऑनलाइन करेगा। ऑनलाइन भुगतान करने पर उसे आर्मी की तरफ से 25 प्रतिशत डिस्काउंट मिलेगा। वह आरोपी की बातों में आ गया।
आरोपी ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया और कहा कि आप मेरे अकाउंट में पैसे भेज दो। जो पैसे आपके अकाउंट से कटेंगे वह आपको डबल करके वापस मिल जाएंगे। उसने आरोपी पर विश्वास करके अपने अकाउंट से उसके अकाउंट में 81863 रुपये भेज दिए। इसके बाद जब उसने आरोपी से अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी टालमटोल करने लगा और फोन काट दिया। इसके बाद आरोपी का फोन नहीं मिला। इस पर उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगामी कार्रवाई की जाएगी।