संवाद न्यूज एजेंसी
सरस्वतीनगर। खंड सरस्वतीनगर के गांव रपौली स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय सोमवार को प्रशासनिक गतिविधियों का केंद्र बना रहा। जिला उपायुक्त प्रीति और पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल के जनता दरबार व रात्रि ठहराव कार्यक्रम के लिए सुबह से ही ग्रामीण स्कूल परिसर में पहुंचने लगे। दोपहर बाद जैसे ही अधिकारी पहुंचे, शिकायतों का सिलसिला शुरू हो गया।
गांव काटरवाली, काबुलपुर, सारन, जमालपुर और आसपास के क्षेत्रों से आए लोगों ने परिवार पहचान पत्र में त्रुटि, राशन कार्ड, बिजली कनेक्शन, हाई वोल्टेज तार हटवाने, नाली निर्माण और प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत पक्का मकान दिलाने की मांग उठाई। अधिकारी एक-एक फरियादी को सुनते रहे और संबंधित विभागों को मौके पर ही निर्देश देते नजर आए।
कार्यक्रम के दौरान सबलपुर निवासी रेखा रानी की विधवा पेंशन, सारन निवासी लाभ सिंह और रपौली निवासी चंद्रवती की बुढ़ापा पेंशन तथा सरस्वतीनगर निवासी दिनेश कुमार की अविवाहित पेंशन स्वीकृत की गई। रपौली निवासी अमीचंद की लाडली पेंशन भी बहाल की गई।
आदेश मिलते ही लाभार्थियों के चेहरों पर संतोष दिखा। उपायुक्त प्रीति ने कहा कि प्रशासन गांव तक इसलिए पहुंचा है ताकि लोगों को दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़ें। जिन शिकायतों का समाधान तुरंत संभव था, उन्हें मौके पर ही निपटा दिया गया। शेष मामलों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
सड़क सुरक्षा व नशा मुक्ति की दिलाई शपथ
जनता दरबार के बाद रात्रि ठहराव कार्यक्रम में उपायुक्त ने अभिभावकों से बच्चों की पढ़ाई जारी रखने और नाबालिगों को वाहन न देने की अपील की। उन्होंने दोपहिया चालकों को हेलमेट व चारपहिया चालकों को सीट बेल्ट लगाने की सलाह दी। पुलिस अधीक्षक कमलदीप गोयल ने नशे के खिलाफ सामूहिक अभियान चलाने का आह्वान किया और अभिभावकों से बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने को कहा। कार्यक्रम के अंत में ग्रामीणों को सड़क सुरक्षा और नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।
जनता दरबार में डीसी को अपनी समस्याएं बताते ग्रामीण। डीआईपीआरओ