गले में टी शर्ट लिपटी हुई थी। मृतक के सिर व मुंह पर बोतल से कई वार किए गए हैं। मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। बाएं हाथ पर संदीप नाम का टैटू बना है। जिले के इशोपुर गांव में किसान के खेत में नौकर ने शव देखकर सूचना दी। मौके पर पहुंच कर सीन ऑफ क्राइम टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
हरियाणा के यमुनानगर में ईशोपुर गांव के किसान अक्षय के खेत में खून से लथपथ करीब 33 वर्षीय अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ है। मृतक के सिर और मुंह पर शराब की बोतलों से कई जगहों पर वार किए गए हैं। वहीं उसके गले में टी शर्ट लिपटी हुई मिली है। ऐसे में आशंका जताई जा रही युवक की हत्या की गई है। मृतक के बाएं हाथ पर संदीप नाम का टैटू बना हुआ है, हालांकि देर शाम तक उसकी शिनाख्त नहीं की जा सकी।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, किसान अक्षय शर्मा का नौकर बलदेव जब सुबह साढ़े नौ बजे खेत में गया तो उसकी नजर गन्ने के खेतों के पास पड़ी पॉलिथीन पर गई, जब वह उठाने के लिए वहां गया तो खेत के अंदर खून से लथपथ युवक का शव देखा। इसके बाद उसने अपने मालिक अक्षय को फोन कर इसकी सूचना दी।
वे तुरंत मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। इसके बाद थाना सदर यमुनानगर पुलिस और सीन ऑफ क्राइम की टीम मौके पर पहुंची और मामले से जुड़े कुछ साक्ष्यों को जुटाया है। वहीं सूचना मिलते ही हेड क्वार्टर डीएसपी कंवलजीत सिंह भी मौके पर पहुंच गए।
फिलहाल पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। शिनाख्त के लिए शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है। बताया जा रहा है मृतक की जेब में शराब का आधा पव्वा मिला है।
उसके पास में कांच की खाली बोतल भी मिली है। उस पर खून लगा हुआ है, जिससे अंदेशा जताया जा रहा है कि मृतक के साथ रात के समय कोई और भी था, जिसने शराब की बोतल से उस पर हमला किया है। सदर यमुनानगर थाना प्रभारी जोगिंद्र सिंह ने बताया कि युवक की हत्या की गई है। शव को फिलहाल पोस्टमार्टम हाउस में रखवाया गया है। शिनाख्त का प्रयास किया जा रहा है।