शहर की एक कालोनी निवासी व्यक्ति ने रेलवे कालोनी के दो लोगों पर उसकी पत्नी के साथ दुष्कर्म करने और उसका वीडियो बना कर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में व्यक्ति ने बताया कि उसकी शादी करीब तीन साल पहले हुई थी। कुछ दिन से जब भी शाम को घर आता, उसकी पत्नी घर पर नहीं होती थी। ऐसा कई दिनों से हो रहा था। जब भी वह इस बारे पत्नी से बात करता तो वह बहाना बना कर टाल देती। एक दिन उसने पत्नी से सख्ती से पूछताछ की। जिस पर वह रोने लगी और उसने आपबीती सुनाई। जिसमें उसने बताया कि मार्च में रेलवे कालोनी के दो लोग उनके घर में घुस आए और उसके साथ दुष्कर्म किया।
साथ ही इस बारे में किसी को बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि दोनों ने उसकी पत्नी का वीडियो भी बना लिया। आरोपी वीडियो के नाम पर वह उसकी पत्नी को कई दिन से ब्लैकमेल कर रहे थे। उन्होंने शुक्रवार देर रात इसकी शिकायत पुलिस में दी।
उधर, महिला थाने की एसएचओ कुलबीर कौर का कहना है कि महिला की शिकायत पर दो लोगों के खिलाफ दुष्कर्म समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।