पेपर मिल कॉलोनी में अपनी पत्नी को उसके मायके छोड़ करनाल अपने घर लौट रहे बाइक सवार एक व्यक्ति की ट्रक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसा चंडीगढ़-रुड़की नेशनल हाईवे 73 पर बाईपास पर हुआ। मृतक अंबाला स्थित प्राइवेट कंपनी में जॉब करता था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
करनाल की रघुनाथ मंदिर कॉलोनी निवासी प्रदीप कुमार (32) की शादी आठ साल पहले शहर की पेपर मिल कॉलोनी में पहले हुई थी। सोमवार को वह अपनी पत्नि व दो बच्चों को उसके मायके छोड़ने के लिए आए थे। मंगलवार सुबह वह अपनी बाइक पर सवार होकर वापस करनाल जा रहा था। जैसे ही वह नेशनल हाईवे पर बाईपास पुल से नीचे उतरने लगा तो तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आस पास के लोगों ने एंबुलेंस की मदद से उसे ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टर्माटम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले में पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्यवाही शुरू कर दी।
हादसे के बाद नेशनल हाईवे पर लगा जाम :
नेशनल हाईवे पर बाईपास पुल पर हुए हादसे के बाद जाम लग गया। जाम में सैकड़ों ट्रक, ट्रैक्टर ट्रॉली, बस, कार, ऑटो आदि वाहन फंस गए। हादसे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने वाहनों का सुचारु रूप दिया। लगभग आधा घंटे तक हाईवे पर वाहन रेंगते नजर आए। इससे सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
वर्जन
बाइपास पर हुए हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौप दिया है। ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। जल्द ही ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसआई प्रमोद कुमार, जांच अधिकारी, थाना शहर यमुनानगर।
बाइक की टक्कर से बालक की मौत
यमुनानगर। अपने मामा के पास रसूलपुर गांव में रह रहे पटियाला के पाटड़ा गांव निवासी पांच वर्षीय कर्णदीप की बाइक की टक्कर लगने से मौत हो गई। हादसा रसूलपुर के स्टेट बैंक आफ पटियाला के नजदीक हुआ। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
रसूलपुर निवासी हरप्रीत सिंह ने बताया कि उसकी बहन की शादी पंजाब के पटियाला जिले के गांव पाटड़ा में हुई थी। शादी के बाद उसकी बहन की उससे ससुराल पक्ष के लोगों के साथ अनबन हो गई। जिसके बाद उसकी बहन अपने पांच वर्षीय बेटे कर्णदीप के साथ उनके पास रहने लग गई। कर्णदीप रसूलपुर के ही एक प्राइवेट स्कूल में प्रथम कक्षा में पढ़ता था और रसूलपुर गांव में ही एक टीचर के पास ट्यूशन जाता था। हरप्रीत ने बताया कि सोमवार शाम को वह अपने भांजे कर्णदीप को ट्यूशन छोडने के लिए जा रहा था। जब वह साढौरा रोड पर स्टेट बैंक आफ पटियाला के नजदीक पहुंचे तो साढौरा की तरफ से तेज गति से एक बाइक चालक आया। आरोप है कि आरोपी बाइक चालक ने लापरवाही से वाहन चलाते हुए उसके भांजे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। भांजे ने जगाधरी के निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। जांच अधिकारी एएसआई सतपाल का कहना है कि आरोपी अज्ञात बाइक चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया है। चालक की तलाश की जा रही है।