हरियाणा के यमुनानगर शहर के कांसापुर में शराब ठेके के सामने बाइक पर बैठे युवक पर आरोपी ने छुरी से अंधाधुंध वार कर दिए। आरोपी ने शिवपुरी कॉलोनी के अमन की गर्दन पर 13 वार किए। मौके पर खड़े लोग आरोपी द्वारा किए जा रहे हमले का मोबाइल से वीडियो तो बनाते रहे, लेकिन कोई भी उसे छुड़ाने के लिए आगे नहीं आया। आरोपी युवक को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गया। युवक पर वार किए जाने के वीडियो लोगों ने सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए।
थाना गांधी नगर पुलिस को दीशिकायत में शिवपुरी कॉलोनी निवासी अमृत कुमार ने बताया कि उसका छोटा भाई अमन प्राइवेट ठेकेदार के पास काम करता है। कुछ दिन पहले उसके भाई अमन की शिवपुरी कॉलोनी निवासी जग्गू के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। जिसके बाद से आरोपी उसके भाई से रंजिश रखने लगा।
अमृत ने बताया कि सोमवार रात अमन कांसापुर रोड स्थित शराब के ठेके के पास बाइक पर बैठा हुआ था। इस दौरान जग्गू भी वहां आ गया। आरोपी ने आते ही अपनी पैंट से छुरा निकाला और उसके भाई पर जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने उसकी गर्दन पर एक के बाद एक कई वार किए। जब उसके भाई ने अपने हाथ आगे किए तो आरोपी ने छूरी से उसकी अंगूलियां भी काट दी।
शोर सुनकर जब अन्य लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। लोगों ने उसे घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही वह मौके पर पहुंचा और अमन को अस्पताल में भर्ती करवाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार देकर उसे पीजीआई रेफर कर दिया।
अमन के शरीर पर छूरी के दर्जनभर से अधिक निशान है। परिजन उसे शहर के ही एक निजी अस्पताल में लेकर गए। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए जग्गू पर हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया। साथ ही उसे गिरफ्तार कर लिया।