सीआईए पुलिस ने रविवार देर शाम छछरौली रोड स्थित त्रिकोणा चौक से दो युवकों को देसी पिस्तौल और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने करीब दो सप्ताह पूर्व जगाधरी के पंजाब एंड सिंध बैंक में हुई चोरी व खेड़ा मार्केट में सूने घर से लेपटॉप व अन्य सामान चोरी की वारदातें कबूली। पुलिस ने दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
सीआईए स्टाफ के एएसआई धर्मपाल को रविवार देर शाम गुप्त सूचना मिली कि जगाधरी के हनुमान गेट निवासी सुशील कुमार और विजय नगर कालोनी निवासी अंकित सैनी अपराधिक किस्म के युवक है। यह दोनों मिलकर मानकपुर इंडस्ट्रीयल एरिया में मोटरसाइकिल पर घूम रहे हैं और जगाधरी की तरफ जाएंगे। यदि नाकाबंदी की जाए तो दोनों आरोपी काबू किए आ सकते हैं।
सूचना के आधार पर सीआईए स्टाफ के एएसआई धर्मपाल ने अपनी टीम के साथ छछरौली रोड के त्रिकोणी मोड जगाधरी पर नाकाबंदी करके दोनों आरोपियों को काबू किया। पकड़े गए आरोपी सुशील कुमार की तलाशी लेने पर एक देसी कट्टा व एक जिंदा कारतूस और आरोपी अंकित के पास से एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना शहर जगाधरी में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
दो वारदातें कबूली,और का होगा खुलासा
पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस की प्रारंभिक गहन पूछताछ पर 12 सितंबर की रात को जगाधरी के सरस्वती स्कूल के नजदीक नेशनल हाईवे 73ए के किनारे स्थित पंजाब एंड सिंध बैंक और खेड़ा बाजार जगाधरी से दिन के समय बंद मकान में से लैपटाप व हजारों की नकदी चोरी करने की वारदातों को अंजाम देना कबूल किया। प्रवक्ता ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदातों का खुलासा होने की संभावना है।
दीवार में सेंध लगाकर बैंक में की चोरी
बता दें कि 12 सितंबर की रात चोरों ने पंजाब एंड सिंध बैंक की दीवार में सेंध लगाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। बैंक मैनेजर जसविंद्र भाटिया ने जगाधरी शहर पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि 13 सितंबर की सुबह बैंक के गार्ड ने उन्हें सूचना दी कि बैंक की दीवार टूटी हुई है। सूचना मिलने पर वह मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि बैंक की दाई तरफ खाली पड़े प्लाट की ओर से बैंक की दीवार में सेंध लगी हुई है। जो बैंक के बाथरूम के नजदीक बने स्ट्रांग रूम के पास बनी हुई थी। बाथरूम के साथ अटैच स्ट्रांग रूम की दीवार भी तोड़ने का प्रयास किया था। इसके अलावा बैंक से पांच मॉनिटर, तीन की बोर्ड और बिजली के तार और अन्य सामान गायब था।