आजाद नगर में दो गुटों के बीच सट्टे को लेकर झगड़े में घायल हुए एक युवक की पीजीआई में उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना में तीन अन्य लोग घायल है। पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
बतां दे कि आजाद नगर गली नंबर चार निवासी नीरज (22) की सोमवार रात को सट्टे को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि जब उसने दूसरे पक्ष को मना किया तो इस दौरान कहासुनी मारपीट तक पहुंच गई। दूसरे पक्ष के लोगों ने उस पर तेजधार हथियारों से हमला कर दिया। जब उसके बचाव में उसके दोस्त भोला व सूरज आए तो आरोपियों ने उन्हें भी नहीं बख्शा।
झगड़े में आरोपियों ने उनपर भी तेजधार हथियार से हमला कर घायल कर दिया था। झगड़े के बाद तीनों घायलों को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर में पहुंचाया गया। यहां नीरज की हालत को गंभीर देखते हुए चिकित्सकों द्वारा उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया था, जहां उपचार के दौरान मंगलवार देर रात नीरज ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।
थाना शहर प्रभारी देवेंद्र का कहना है कि पुलिस ने करीब आधा दर्जन लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। मामले की जांच की जा रही है।