मामूली कहासुनी पर साले ने अपने जीजा को डांडे से पीटकर मौत के घाट उतार दिया। घटना जगाधरी अनाज मंडी में गुरुवार देर शाम उस वक्त हुई, जब जीजा-साला के बीच शराब पीते वक्त किसी बात पर बहस हुई। दोनों के बीच झगड़ा बढ़ने पर आसपास के लोगों ने समझाकर शांत करवा दिया। लेकिन बाद में नशे में धुत साले ने गुस्से में जीजा के सिर पर डंडे मारकर मौत के घाट उतार दिया और मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया।
पंजाब के गांव भाई भक्ता सिंह निवासी दलीप सिंह (36) अपने साले मंगल सिंह के साथ यमुनानगर-जगाधरी में प्लास्टिक के फूल व सजावट का सामान बेचने का काम करता था। दोनों जगाधरी अनाज मंडी में रहकर रात के वक्त विश्राम करते थे। गुरुवार शाम दलीप व मंगल फूल बेचने के बाद जगाधरी अनाज मंडी में लौटे और शराब पीने लगे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनकी बहस हुई। झगड़ा बढ़ने पर मौके पर मौजूद लोगों ने उन्हें समझाकर शांत करवा दिया। मगर देर शाम दोनों में फिर झगड़ा हो गया। इस दौरान मंगल ने गुस्से में आकर अपने जीजा दलीप के सिर में डंडे मारकर उसकी हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद मंगल मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल के शवगृह भेजा, जहां शुक्रवार सुबह शव का पोस्टमार्टम किया गया।
आरोपी मंगल के खिलाफ हत्या के आरोप में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
सुनील कुमार, प्रभारी, थाना शहर जगाधरी।