हरियाणा के यमुनानगर में संत थॉमस स्कूल जगाधरी में शराब ठेकेदार की सरेआम की गई पिटाई के वीडियो को लोग अभी भूले भी नहीं थे कि रविवार को युवक की पिटाई के एक के बाद एक कई वीडियो वायरल हो गए। वीडियो खंड साढौरा के गांव सुल्तानपुर का है। वीडियो में दिख रहा है कि कुछ युवक लोहे के पाइप और अन्य हथियारों से युवक को पहले दुकान के अंदर और फिर बाहर नाली में गिरा कर बेरहमी से पीट रहे हैं।
यह वीडियो ठीक उस वक्त वायरल हुआ जब जिला पुलिस जिला मुख्यालय से लोगों को सुरक्षा का एहसास दिलाने के लिए फ्लैग मार्च निकाल रही थी। घायल युवक को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल साढौरा ले जाया गया। इसके बाद थाना साढौरा पुलिस भी मौके पर पहुंची।
वायरल वीडियों में जो युवक पिट रहा है वह सुलतानपुर का 25 वर्षीय कमलजीत है। पेशे से ट्रक ड्राइवर है। वह घर से फोन सुनते हुए बाजार की तरफ आया था। इसी दौरान दो कारों में दर्जनभर युवक आए और उसे पकड़ कर पीटने लगे। हमलावरों के पास लोहे के पाइप, तलवार व अन्य हथियार थे।
आरोपी कमलजीत को पहले करियाना दुकान के अंदर पीटते हैं। इससे वह लहूलुहान हो जाता है। मुंह के दांत टूटने से उसके मुंह से भी खून बह रहा है। इसके बाद वह उसे घसीटते हुए बाहर ले जाते हैं। जिसके बाद उसे नाले में गिरा कर भी पीटा जाता है। कमलजीत हाथ जोड़ कर उसे छोड़ने की अपील भी करता है, बदमाशों पर इसका कोई असर नहीं होता। कमलजीत की बाजू व टांगों को तोड़ दिया। उसकी पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि वह बयान देने की स्थिति में भी नहीं है।
वीडियो में जो युवक मारपीट कर रहे हैं उनमें से दो युवक साढौरा के ही दो गांवों से हैं। मामला पुरानी रंजिश का बताया जा रहा है। मारपीट का वीडियो वायरल करने वाले भी हमलावर ही हैं। जिस तरह से वीडियो इतनी नजदीक से बनाया गया है वह हमलावरों में से ही कोई एक है। लोगों में दहशत फैलाने के लिए वीडियो को वायरल कर दिया गया।
मामले की जांच कर रहे थाना साढौरा के एएसआइ मुकेश कुमार ने बताया कि मारपीट की सूचना पर पुलिस मौके पर गई थी। फिलहाल घायल कमलजीत बयान देने की स्थिति में नहीं है। वीडियो के आधार पर हमलावरों की पहचान की जा रही है।
एसपी ने सुरक्षा को लेकर ली थी थाना प्रभारियों की बैठक
जिले के एसपी कमलदीप गोयल काफी दिनों से ट्रेनिंग पर हैं। उनकी जगह अंबाला के एसपी सुरेंद्र पाल सिंह को जिले के एसपी का अतिरिक्त कार्यभार दिया गया है। शनिवार को ही एसपी ने लघु सचिवालय में सभी डीएसपी व थाना प्रभारियों की बैठक लेते हुए गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए थे। परंतु जिस तरह से जिले में कुछ दिनों से अपराधिक वारदातें बढ़ी है उससे लगता है कि बदमाशों में कानून का कोई डर नहीं रह गया।