अलग-अलग स्थानों पर स्थित दो सूने घरों का ताला तोड़कर चोरों ने लाखों रुपये के आभूषण व नकदी चोरी कर दी। वहीं साढौरा क्षेत्र के गांव बकाला के सरकारी स्कूल का ताला तोड़कर दो सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने तीनों मामलों में अज्ञात के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
प्रोफेसर कॉलोनी निवासी गौरव गर्ग ने शहर यमुनानगर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह 13 दिसंबर को परिवार के सदस्यों के साथ घर का ताला लगाकर समारोह में भाग लेने के लिए गया था। जब वह समारोह में भाग लेकर वापस लौटे तो घर का ताला टूटा हुआ था और अंदर सामान बिखरा पड़ा था।
जांच करने पर उसने बताया कि चोरों ने घर से पांच हजार रुपये की नगदी व आभूषण चोरी कर लिए। जिसकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये है। उसने चोरी की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, सुभाष नगर कॉलोनी निवासी महेंद्र कुमार ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि चोरों ने उनके घर का ताला तोड़कर दस हजार रुपये की नगदी, सोने व चांदी के आभूषण व सिलेंडर चोरी कर लिए। जिसकी कीमत करीब 60 हजार रुपये है।
पुलिस ने मामले की जांच के बाद अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, राजकीय मिडिल स्कूल बकाला के हैड मास्टर अमित शर्मा ने बताया कि चोरों ने 15 दिसंबर की रात को स्कूल का ताला तोड़कर दो सिलेंडर व अन्य सामान चोरी कर लिया। सामान की कीमत करीब 12 हजार रुपये है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।