अलग-अलग स्थानों पर हुई मारपीट के मामलों में पुलिस ने दस लोगों पर केस दर्ज किया है। मारपीट में दंपत्ति समेत पांच लोग घायल हो गए, जो अस्पताल में उपचाराधीन हैं
गांव खुर्दबन निवासी वेदप्रकाश ने थाना जठलाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उनकी गांव के ही प्रदीप कुमार के साथ कहासुनी हो गई थी। उस दौरान लोगों ने समझा-बुझाकर मामला शांत करवा दिया, मगर उसके बाद भी प्रदीप उनसे रंजिश रखने लगा। इसी के चलते दो नवंबर को जब वह अपनी पत्नी मायादेवी के साथ घर के समीप खड़े थे। तभी प्रदीप अपनी पत्नी अंजु के साथ आया और उनके साथ पुरानी रंजिश को लेकर बहस करने लगा और दोनों उन दोनों पर हमला कर दिया। इसमें वह और उनकी पत्नी मायादेवी घायल हो गए। मारपीट का शोर सुन जब उनका भतीजा पंकज उन्हें आरोपियों से छुड़वाने आया तो आरोपियों ने उसे भी पीटकर घायल कर दिया। इसके बाद आरोपी जाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। उन्होंने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।
उधर, साढौरा निवासी विशाल शर्मा ने बताया कि वह अपने भतीजे कपिल के साथ बाइक पर किसी काम से जा रहे थे। जब वह साढौरा बस स्टैंड के समीप पहुंचे तो अंबाला जिले के गांव शहला निवासी मिल्खी ने लापरवाही से कार चलाकर उनकी बाइक को टक्कर मार दी। जब उन्होंने इस बात का विरोध किया तो आरोपी ने अपने छह-सात साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला कर दिया। इसमें वह और उनका भतीजा कपिल घायल हो गए। राहगीरों को आता देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आरोपियों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।