दो दिन पहले यमुनानदी पार स्थित गांव पौबारी में कैथल पुलिस पर हमला करने वाले आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए जठलाना पुलिस ने गांव में दबिश दी। एसएचओ जठलाना ओमप्रकाश राणा के नेतृत्व में भारी पुलिस बल यमुनानदी पार स्थित पौबारी गांव पहुंचा और आरोपियों के घरों की पुलिस ने तलाशी ली।
लेकिन कोई भी आरोपी पुलिस के हत्थे नही चढ़ पाया। पुलिस के आने की भनक लगते ही आरोपी फरार हो गए।
बताया गया है कि कैथल पुलिस पर हमला करने वाले आरोपी गांव छोड़कर उत्तरप्रदेश निकल गए हैं। दिनभर जठलाना पुलिस आरोपी काला व उसके साथियों को गिरफ्तार करने के लिए गांव पौबारी व यूपी सीमा से लगते क्षेत्र में उन्हें खोजती रही।
थाना प्रभारी ओमप्रकाश राणा ने बताया कि पुलिस सुबह से शाम तक आरोपियों की तलाश में लगी रही। मगर उनका पता नहीं चला। जल्द ही पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करेंगे।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार रात को ढांड (कैथल) थाना के एसएचओ इंस्पेक्टर रमेश कुमार गांव पौबारी निवासी काला को गिरफ्तार करने के लिए आई थी।
काला पर ढांड थाना में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज है। पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर जा रही थी कि इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने कैथल पुलिस क ी टीम को घेर लिया। आरोपियों ने पुलिस टीम से हाथापाई कर आरोपी काला को छुड़वा लिया। आरोप है कि इस दौरान आरोपियों ने हवाई फायर भी किया। इसके अलावा ग्रामीणों ने पुलिस द्वारा इस्तेमाल की जा रहे निजी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। जिसके बाद कैथल पुलिस की टीम वहां सेनिकल गई।
कैथल पुलिस के इंस्पैक्टर रमेश कुमार ने इसकी शिकायत थाना जठलाना में दी थी। उनकी शिकायत पर आरोपी काला व उसके 8-10 साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।