शास्त्रीनगर के महेंद्रा एंकलेव में चोरों ने सुपरवाइजर विकास चौधरी के मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये की ज्वैलरी और एलईडी टीवी चोरी कर लिया है। इस संबंध में कविनगर थाने में तहरीर दी गई है।
विकास चौधरी महेंद्रा एंकलेव में परिवार के साथ रहते हैं। वह नोएडा की एक निजी कंपनी में सुपरवाइजर हैं। विकास ने बताया कि वह बुधवार सुबह परिवार के साथ अर्थला में रिश्तेदार के घर गए थे और रात को वहीं रुक गए थे।
बृहस्पतिवार सुबह करीब नौ बजे वापस घर पहुंचे तो देखा कि उनके मकान के मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। घर के अंदर सामान बिखरा था और करीब ढाई लाख की ज्वैलरी, एलईडी टीवी, दो सिलेंडर, कपड़े आदि सामान गायब था। घर में ताले तोड़ने के औजार पड़े मिले हैं। उन्होंने 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को चोरी की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना और छानबीन की।
सीसीटीवी में कैद हुए चोर
कविनगर एसएसआई महिपाल सिंह ने बताया कि वारदात के बाद चोर क्षेत्र के एक मकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए हैं। फुटेज से पता चला है कि चोर टेंपो में आए थे और चोरी कर टेंपो में ही सामान भर कर जाते हुए दिख रहे हैं। पुलिस टेंपो के नंबर के आधार पर भी सुरागकशी की कोशिश कर रही है।