सड़क पर लटके बिजली के तार में गर्दन फंसकर गिरने से बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति तलाकौर का रहने वाला था और फतेहगढ़ तुंबी में मेडिकल स्टोर पर काम करता था। हादसा तलाकौर रोड पर गांव पिंजौरी के नजदीक हुआ। परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
मुस्तफाबाद क्षेत्र के गांव तलाकौर निवासी रविंद्र कुमार (48) गांव फतेहगढ़ तुंबी में मेडिकल स्टोर पर काम करता था। बीती 12 जनवरी को रोजाना की तरह देर रात करीब 11 बजे अपनी बाइक पर घर लौट रहा था। तलाकौर रोड पर जब वह गांव पिंजौरी के नजदीक पहुंचा तो उसकी गर्दन सड़क के बीच लटके बिजली के तार में फंस गई। गर्दन में तार लगने से वह बाइक सहित सड़क पर गिर गया। हादसे में वह घायल होकर बेसुध हो गया। सुबह आसपास के लोगों ने उसे एंबुलेंस के माध्यम से जगाधरी सिविल अस्पताल पहुंचाया। जहां से चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया। जहां उपचार के दौरान शनिवार को उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बिजली निगम पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कार्रवाई के बाद परिजनों के हवाले कर दिया।
सूचना देने के बाद भी नहीं ठीक किया तार :
परिजनों ने बताया कि हादसे से पहले गांव पिंजौरी सरपंच लाल सिंह मार्ग से निकले थे। तब उन्होंने सड़क के बीच लटके तार की सूचना बिजली निगम कर्मचारियों व अधिकारियों को दी थी। लेकिन उसके बाद भी कर्मचारियों ने सड़क के बीच लटके तार को ठीक नहीं किया। परिजनों का कहना है कि यदि सरपंच की सूचना पर बिजली कर्मचारी तार को ठीक कर देते तो शायद रविंद्र की मौत नहीं होती।
दो बच्चों के सिर से उठा पिता का साया :
रविंद्र के पास एक बेटा और एक बेटी है। बेटा अभिषेक 12वीं कक्षा का छात्र है, जबकि बेटी श्वेता निजी कॉलेज से ग्रेजूएशन कर रही है। रविंद्र का सपना था कि दोनों बच्चों को पढ़ा लिखा कर अच्छा इंसान व अच्छी जॉब दिलाए। लेकिन सपना पूरा होने से पहले ही उनकी मौत हो गई। रविंद्र की मौत के बाद दोनों बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया।
वह पंचकुला है। गांव पिंजोरी के पास हुए हादसे की जानकारी नहीं है। यदि वहां कोई बिजली का तार लटकी हुई है तो उसे ठीक करा दिया जाएगा। यदि किसी कर्मचारी की लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई करेंगे।
रामकुमार, एसडीओ, मुस्तफाबाद।
प्राथमिक जांच में सड़क के बीच लटके बिजली के तार से हादसा होना मिला है। मामले में फिलहाल 174 की कार्रवाई की गई है। यदि परिजन बिजली निगम के खिलाफ शिकायत दे देते है तो निगम के खिलाफ कार्रवाई कर दी जाएगी।
रमेश चंद, एसएचओ, थाना छप्पर।