जिले में ओवरलोड वाहनों का कहर जारी है। कष्ट निवारण समिति की बैठक में खेलमंत्री अनिल विज की फटकार के बाद भी हालात जस के तस है। सड़कों पर ओवरलोड वाहन बेखौफ दौड़ रहे है। शुक्रवार अलसुबह नेशनल हाईवे 73ए स्थित अग्रसेन चौक के पास ओवरलोड ट्रक की टक्कर से यूपी रोडवेज सहारनपुर डिपो की बस पलट गई। हादसे में बस चालक सहित चार सवारियां घायल हो गई। बस शिमला से हरिद्वार जा रही थी। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर ट्रक को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
यूपी रोडवेज की सहारनपुर डिपू की बस शुक्रवार अलसुबह शिमला से हरिद्वार जा रही थी। बस में 27 सवारियां सवार थी। सभी सवारियां सोई हुई थी। अलसुबह करीब पांच बजे जैसे ही बस जगाधरी पौंटा साहिब नेशनल हाईवे 73ए पर अग्रसेन चौक पर पहुंची, तो पीछे से तेज गति से आ रहे ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी, टक्कर लगने के बाद बस सड़क के बीचों बीच पलट गई। हादसे में बस में सवार सहारनपुर निवासी मुजाहीदीन, आरिफ, हिमाचल के कसौली निवासी सुखबीर घायल हो गए। इसके अलावा बस चालक कामिल को भी मामूली चोटें आई। आरोपी ट्रक चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को बस से निकाल अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने ट्रक का पीछा कर उसे फव्वारा चौक के नजदीक से पकड़ लिया। पुलिस ने आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ट्रक चालक की पहचान पानीपत निवासी संदीप के रूप में हुई।
मंत्री के आदेशों पर नहीं हो रही कार्रवाई :
बीती 17 फरवरी को जिला कष्ट निवारण समिति की बैठक में स्वास्थ्य व खेल मंत्री अनिल विज ने जिले में दौड़ रहे ओवरलोडिड वाहनों को लेकर अधिकारियों को फटकार लगाई थी। वहीं भविष्य में सड़क पर दौड़ रहे ओवरलोडिड वाहनों पर कार्रवाई करने के आदेश दिए थे, लेकिन मंत्री के आदेशों की किसी को कोई परवाह नहीं, खुले आम सड़कों पर ओवरलोडिड वाहन दौड़ रहे है, लेकिन इन पर कार्रवाई नाममात्र की ही हो रही है।
अग्रसेन चौक के नजदीक ट्रक और बस की टक्कर में आरोपी ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्जकर लिया गया है। चालक को ट्रक सहित काबू कर लिया गया है। ओवरलोडिड वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करने का कार्य आरटीए का है।
- इंस्पेक्टर सुनील कुमार, एसएचओ, थाना शहर जगाधरी।