जगाधरी के दुर्गा गार्डन में एक महिला ने पारिवारिक कलह के चलते अपने ही तीन बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। बताया जा रहा है कि महिला नशे की हालत में थी। गंभीर हालत में पीजीआई रेफर किए गए बच्चों में से पांच वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो बच्चों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने आरोपी महिला के पति की शिकायत पर महिला के खिलाफ मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। घटना की सूचना मिलने पर जगाधरी शहर थाना पुलिस व सीन आफ क्राइम की टीम ने घटनास्थल का जायजा लिया।
दुर्गा गार्डन कॉलोनी निवासी राजेश जगाधरी में टैंट हाउस में काम करता है। रविवार देर शाम को राजेश अपने काम पर गया हुआ था। पीछे घर पर उसकी पत्नी सीमा, बेटी कंचन (10), चाहत (8) , बेटे वंश (5) और अंशुल (3) थे। देर शाम सीमा दुकान से एक कोल्ड ड्रिंक की बोतल लेकर आई।
बताया जा रहा है कि महिला की अपनी बड़ी बेटी कंचन व चाहत के साथ किसी बात को लेकर बहस हुई थी। इसके बाद सीमा ने अपनी बड़ी बेटी कंचन, चाहत और बेटे वंश को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया। मकान के ऊपरी हिस्से में किराए पर रहने वाले दो किराएदारों को जब बच्चों के रोने की आवाज आई तो उन्होंने नीचे आकर सीमा के हाथ से कोल्ड ड्रिंक की बोतल लेकर फेंकी।
तब तक बच्चों को उल्टियां आने लगी। उस समय सीमा भी नशे की हालत में थी। पड़ोसियों की मदद से बच्चों व सीमा को ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया। अस्पताल के डाक्टरों ने सीमा व उसके बच्चों की गंभीर हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पीजीआई में चिकित्सकों ने पांच साल के मासूम वंश को मृत घोषित किया। जबकि कंचन व चाहत की हालत गंभीर बताई जा रही है।
आरोपी सीमा का उपचार भी पीजीआई में ही चल रहा है। सूचना मिलने पर जगाधरी शहर थाना पुलिस व सीन आफ क्राइम की टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने राजेश की शिकायत पर उसके पत्नी के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
12 साल पहले की थी दूसरी शादी :
दुर्गा गार्डन कॉलोनी निवासी राजेश ने करीब 13 साल पहले अपनी पहली पत्नी को तलाक दे दिया था। इसके बाद उसने सीमा से दूसरी शादी की थी। शादी के बाद सीमा ने चार बच्चों को जन्म दिया। राजेश काम के सिलसिले में अधिकतर घर से बाहर ही रहता है। वहीं उसकी बेटी कंचन और चाहत छोटी लाइन स्थित निजी स्कूल में पढ़ती हैं। वंश भी उसी स्कूल में पढ़ता था।
मां की ममता को किया तार-तार :
मां के द्वारा अपने ही बच्चों को जहर दिए जाने का पता चलते ही आसपास के लोगों की भीड़ आरोपी महिला के घर के बाहर लग गई। हर कोई इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहा था। हर कोई हैरान था कि आखिर एक मां किस प्रकार से इतनी निर्दयी हो सकती है, जिसने इस प्रकार की घटना को अंजाम दिया।
वर्जन :::
पारिवारिक विवाद के चलते महिला ने अपने तीन बच्चों को कोल्ड ड्रिंक में जहरीला पदार्थ मिलाकर पिलाया था। घटना के समय महिला काफी नशे में थी। हालांकि यह अभी यह पता नहीं चल पाया है कि उसने भी जहरीला कोल्ड ड्रिंक पी है या नहीं। महिला को भी पीजीआई में भर्ती किया गया है। उसके खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्जकर लिया गया है। मामले का पूरा खुलासा महिला से पूछताछ के बाद ही होगा।
- राकेश कुमार, एसएचओ, थाना शहर जगाधरी।