टैगोर गार्डन में पुरानी रंजिश के चलते कुछ लोगों ने इंटरलॉक ईंटों से वारकर लाजपतनगर के युवक की हत्या कर दी। आरोप कॉलोनी के ही एक दंपति समेत पांच लोगों पर है।
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने सिविल अस्पताल के सामने रेलवे रोड पर शव को रख जाम लगा दिया। डीएसपी अजय राणा ने जल्द गिरफ्तारी का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर दंपति समेत पांच लोगों पर हत्या का केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर की लाजपतनगर की मिश्रा कॉलोनी निवासी बिंद्र ने पुलिस को शिकायत दी जिसके अनुसार दिवाली से एक दिन पहले उसके भाई शिवम उर्फ बल्लू (20) व चाचे के लड़के टिंकू का कॉलोनी के ही मंगल सिंह के साथ पटाखे चलाने को लेकर झगड़ा हो गया था। मंगल सिंह पक्ष के लोग उसी दिन से उससे रंजिश करने लगे थे।
आरोप है कि मंगलवार देर शाम मंगल की पत्नी गीता उनके घर आई और शिवम को बहाने से अपने साथ बुलाकर ले गई। कुछ देर के बाद उन्हें सूचना मिली कि टैगोर गार्डन में आरोपी मंगल व गीता ने शिवम के साथ झगड़ा कर दिया। उन्होंने मौके पर जाकर देखा तो गीता व मंगल अपने तीन अन्य साथी मोनू, चमन व गंडासा के साथ मिलकर उसके भाई शिवम के साथ झगड़ा कर रहे थे।
आरोपियों ने उसके सिर पर सड़क किनारे पड़ीं इंटरलॉक ईंटो मारकर उसे घायल कर दिया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर आरोपियों से उसके भाई को छुड़वाया। शिवम को अस्पताल ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और बिंद्रा की शिकायत पर आरोपी मंगल, उसकी पत्नी गीता, मोनू, चमन व गंडासा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया।
दस मिनट तक रखा मार्ग जाम
आरोपियों की गिरफ्तारी न होने पर परिजन भड़क गए। परिजन पोस्टमार्टम के बाद दोपहर करीब पौने एक बजे शव को लेकर रेलवे रोड पर आ गए। यहां शव को सड़क के बीचोंबीच रखकर जाम लगा दिया। करीब दस मिनट तक रेलवे रोड पर जाम लगा रहा। जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की कतारें लग गईं। डीएसपी अजय राणा व अन्य लोगों ने परिजनों को समझाया। डीएसपी अजय राणा ने उन्हें जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया।
मृतक के भाई की शिकायत पर दंपति सहित पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। परिजनों को आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
राजीव मिगलानी, एसएचओ, थाना शहर यमुनानगर।