फर्कपुर थाना क्षेत्र की जम्मू कॉलोनी में काला कच्छा गिरोह के आठ सदस्यों ने शनिवार-रविवार रात में दो घरों में धावा बोल दिया। डकैतों ने घर में सो रहे लोगों पर डंडे, पेचकस और राड से हमला कर सभी को मरणासन्न कर दिया। इसके बाद डकैत एक घर से करीब डेढ़ लाख रुपये की नकदी सहित लाखों के गहने ले गए। दूसरे घर से तीन हजार रुपये और लाखों के गहने लूट लिए। पीड़ितों के अनुसार डकैतों ने काले रंग के कच्छे और बनियान पहने हुए थे। इसलिए माना जा रहा है कि वारदात को अंजाम काला कच्छा गिरोह के सदस्यों ने दिया।
वारदात में तीन महिलाओं सहित आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पड़ोसियों ने घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इनमें से तीन लोगों को गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। वारदात के बाद एसपी मनीष चौधरी, डीएसपी, फर्कपुर, सीआईए और डिटेक्टिव इंचार्ज सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। पुलिस ने मामले में जांच के बाद 7-8 अज्ञात के खिलाफ डकैती का केस दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
छत के रास्ते घर में घुसे
जम्मू कॉलोनी की गली नंबर नौ निवासी उमा ने बताया कि उसके पति सुभाष चंद्र काम के सिलसिले में बाहर रहते हैं। शनिवार-रविवार रात को वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ घर के अंदर सो रही थी। रात करीब डेढ़ बजे छत के रास्ते कुछ बदमाश घर में घुसे और अलमारी खोलने लगे। आवाज सुनकर उनकी बेटी सुमन जाग गई। इस पर बदमाशों ने उसके सिर पर रॉड और डंडे से वार कर दिया। इससे वह बेहोश हो गई। शोर होने पर कमरे के अंदर सो रहे उसके बेटे अभिषेक और लवकेश बाहर निकले, तो बदमाशों ने उन्हें भी पकड़ लिया। बदमाशों ने उन पर भी लाठी, रॉड और पेंचकस से वार कर दिया। इसके बाद बदमाशों ने कमरे से बाहर निकली उमा को कुछ सुंघा कर बेहोश कर दिया। इसके बाद बदमाश घर से डेढ़ लाख रुपये नकद, मंगलसूत्र, पाजेब, कान की बालियां, दो अंगूठी और पायल का जोड़ा ले गए। इस दौरान बदमाशों ने उनके मोबाइल भी छीन लिया और भाग गए। महिला ने बताया कि सात-आठ बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया। सभी ने काले रंग का कच्छा और बनियान पहने हुए थे।
‘पड़ोस के लोगों को मार दिया है’
उमा के घर में डकैती डालने के बाद बदमाश उनकी छत से होते हुए पड़ोसी मुकेश के घर में घुस गए। मुकेश ने बताया कि छत के रास्ते बदमाश उनके घर में घुसे और एक कमरे का ताला तोड़ लिया। शोर सुनकर उसकी पत्नी पूजा जाग गई। वह जैसे ही उठी, तभी एक बदमाश ने उन्हें टॉर्च मार दी। इसके बाद चार लोग उनके कमरे में घुस आए। उन्होंने धमकी दी कि पड़ोस में रहने वाले लोगों को मार दिया है। यदि जिंदा रहना चाहते हो, तो घर में जो कुछ है, वह उन्हें दे दो। इसके बाद बदमाशों ने उसकी पत्नी के कानों से सोने की बालियां उतरवा लीं। कमरे में रखी पेटी को खुलवाया और उसमें रखी सोने की चेन, कान की बाली, बच्ची की पाजेब और तीन हजार रुपये लूट ले गए। इसके बाद बदमाशों ने मुकेश का मोबाइल ले लिया। भागते समय वे कमरे का गेट और मेन गेट बंद कर गए।
सूचना देने पर भी नहीं आई पुलिस
पीड़ितों ने बताया कि वारदात के तुरंत बाद उन्होंने पड़ोसियों की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम में 100 नंबर पर वारदात की सूचना दी। इसके बाद ही बहुत देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। उसके काफी समय पुलिस के न आने पर पड़ोसियों ने उन्हें अस्पताल में पहुंचाया।