जगाधरी की आधा दर्जन कॉलोनियों में पेयजल को लेकर कोई दिक्कत नहीं होगी। तीन कॉलोनियों में पांच-पांच लाख रुपये की लागत से नलकूप लगाए जा चुके हैं। जिनका बुधवार को स्पीकर कंवरपाल ने उद्घाटन किया। अन्य चार कॉलोनियों में भी नलकूप लगाए जा रहे हैं, जो शीघ्र ही क्षेत्र के लोगों को समर्पित कर दिया जाएंगे। यानि जगाधरी की करीब आधा दर्जन कॉलोनियों में गर्मी के सीजन में रहने वाली पेयजल की दिक्कतों से लोगों को दो-चार नहीं होना पड़ेगा।
जगाधरी के बुडिय़ा चौक समीप गांधीनगर, जगाधरी की पुरानी अनाज मंडी व जगाधरी की श्यामसुंदरपुरी कॉलोनी में जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियांत्रिकी विभाग की ओर से पांच-पांच लाख रुपये की लागत नलकूप लगाए गए हैं। इनका उद्घाटन कर स्पीकर कंवरपाल ने कहा जगाधरी शहर में इन नलकूपों के अलावा चार कॉलोनियों में भी नलकूप लगाए जा रहे हैं। जिन्हें शीघ्र ही निवासियों को समर्पित कर दिया जाएगा। इन नलकूपों के लगने से जगाधरी शहरवासियों को पर्याप्त मात्रा में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध होगा। उन्होंने कहा शहरी क्षेत्र के लोगों की विभिन्न कॉलोनियों में पेयजल दिक्कत के चलते नलकूप लगाने की लंबे समय से मांग थी, जो आज पूरी हो रही है। इससे पानी की समस्या से निजात मिलेगा। घाड़ क्षेत्र में भी पर्याप्त मात्रा में पेयजल उपलब्ध कराने के लिए कदम उठाए जा रहे हैं। मौके पर भाजपा के जिलाध्यक्ष महेंद्र सिंह खदरी, जनस्वास्थ्य एवं जलापूर्ति अभियंत्रिकी विभाग के एसई पारिख गर्ग, कार्यकारी अभियंता टीआर पंवार, एसडीओ महाबीर सिंह, भाजपा कार्यकर्ता राजपाल, सुनित कांबोज, धर्मपाल राठी, तेजपाल सिंह, लाला मदनलाल, रामकुमार, विनोद कुमार गुर्जर, पवन कुमार, भाजपा महिला मोर्चा की नेता बबली राणा, राजीव सहित काफी संख्या में कॉलोनी के लोग मौजूद रहे।