फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Haryana: जहरीली शराब बेचने वाले समेत चार और की मौत, 24 हुई मृतकों की संख्या, इन गांवों ने नहीं मनाई दिवाली

Mon, 13 Nov 2023 11:50 PM IST
भूपेंद्र सिंह संवाद न्यूज एजेंसी, यमुनानगर/बिलासपुर (हरियाणा)

सार

यमुनानगर में 22 और अंबाला में दो की जान जा चुकी है। परिजनों से मिलने कांग्रेस हरियाणा के अध्यक्ष उदयभान मंडेबरी गांव पहुंचे। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष के साथ रादौर विधायक डॉ. बीएल सैनी भी मंडेबरी पहुंचे। जहरीली शराब बेचने के तीन और आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।
विज्ञापन
मृतकों के फाइल फोटो। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हरियाणा के यमुनानगर में जहरीली शराब पीने से चार और लोगों की मौत हो गई। मृतकों में मंडेबरी गांव का रमेश उर्फ भिंडी-32 भी शामिल है, जिसे यमुनानगर पुलिस ने नौ नवंबर को मंडेबरी गांव में अवैध रूप से शराब बेचने के आरोप में गिरफ्तार किया था। इससे पहले रमेश ने भी जहरीली शराब का सेवन किया था। गिरफ्तारी के बाद से ही उसकी तबीयत खराब थी।

विज्ञापन


उसे उपचार के लिए पीजीआई चंडीगढ़ में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई। वहीं सारन गांव के सुशील की भी जहरीली शराब पीने से मौत हो गई। इसके अलावा बिलासपुर खंड के बिजौली गांव में भी जहरीली शराब से दो की मौत बताई जा रही है, जिनकी पहचान रवि-23 और संजू-42 के रूप में हुई है। हालांकि बिजौली में शनिवार को हुई दो मौतों की सूचना पुलिस को नहीं दी गई और परिजनों ने चुपचाप उनका अंतिम संस्कार कर दिया।

जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। यमुनानगर में ही मृतकों की संख्या 22 पहुंच गई है, जबकि अंबाला में फैक्ट्री के दो कारिंदों की भी मौत हो चुकी है, यानी जहरीली शराब के सेवन से जान गंवाने वालों की संख्या 24 हो गई है। इसमें यमुनानगर में दो की मौत को पुलिस संदिग्ध मान रही है। वहीं शनिवार को बिजौली गांव में हुई दो युवकों की मौत (रवि और संजू) के संबंध में भी पुलिस को जानकारी नहीं दी गई है।
विज्ञापन


इस संबंध में बिजौली गांव के सरपंच साजिद खान का कहना है कि गांव के दो युवकों की मौत हुई है, जहरीली शराब से ही दोनों के मौत की आशंका जताई जा रही है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दोनों की तबीयत अचानक खराब हो गई। उन्हें उल्टी होने लगी और आंखों से भी दिखना कम होने लगा। शनिवार को हालत ज्यादा खराब होने पर परिजन अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सक ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।

उन्होंने कहा कि पुलिस-प्रशासन को इसकी जांच करनी चाहिए, ताकि दूसरों की जान बच सके। इस संबंध में थाना बिलासपुर एसएचओ ज्ञान सिंह का कहना है कि उनके पास न तो बिजौली में युवकों की मौत की सूचना आई है और न ही जहरीली शराब पीने की शिकायत दी गई है।

दूसरी ओर जहरीली शराब से लगातार हो रही मौतों से ग्रामीण खौफजदा और गमजदा हैं। यही कारण है कि मंडेबरी, सारन और पंजेटो का माजरा गांव में तो किसी ने दिवाली भी नहीं मनाई। वहीं इस मामले में पुलिस ने जिन तीन आरोपियों की गिरफ्तारी की है, उनकी पहचान सारन गांव के सुरेंद्र, राजकुमार और राजेश कुमार के रूप में हुई है। आरोप है कि इन तीनों ने खुर्दों पर जहरीली शराब की बिक्री की थी, जिसे पीने के बाद लोगों की मौत हुई। अब तक जहरीली शराब प्रकरण में यमुनानगर जिले के 13 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है।

जहरीली शराब से हो रही मौतों के बीच प्रभावित गांवों में नेताओं के पहुंचने का सिलसिला भी जारी है। सोमवार को कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान और रादौर विधायक डॉ. बीएल सैनी मंडेबरी गांव में मृतकों के घर गए। इससे पहले कुरुक्षेत्र के पूर्व सांसद राजकुमार सैनी, पूर्व मंत्री शेर सिंह के बेटे बसपा नेता रवि चौधरी भी गांवों में गए और मृतकों के परिजनों को सांत्वना दी।

गिरफ्तार प्रदेश कांग्रेस कमेटी का सदस्य मांगेराम पार्टी से निलंबित
जहरीली शराब मामले में गिरफ्तार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य मांगेराम मारूपुर को पार्टी से निलंबित कर दिया गया है। विदित हो कि मांगेराम फूंसगढ़ गांव के शराब ठेके में पार्टनर है, जहां से जहरीली शराब की आपूर्ति हुई। इससे पहले अंबाला जिले के बिंजलपुर स्थित फैक्ट्री से शराब की आपूर्ति फूंसगढ़ सहित अन्य ठेकों में की जाती थी। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने उक्त जानकारी दी। वे सोमवार को पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में पत्रकारवार्ता कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि दोषी किसी भी राजनीतिक दल से हो, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और कड़ी सजा दिलवाई जाए। उन्होंने कहा कि पिछले साल नवंबर में भी जहरीली शराब पीने से सोनीपत में करीब 32 लोगों की मौत हो गई थी और कई लोगों की आंखों की रोशनी चली गई थी। वहीं 2020 में भी ऐसे ही जहरीली शराब से मौत होने का मामला सामने आया था। इसके बाद भी सरकार ने इससे सबक नहीं लिया।

पूर्व जिला परिषद चेयरमैन एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य श्याम सुंदर बतरा ने कहा कि जहरीली शराब बनाने का मुख्यारोपी अंकित उर्फ मोगली पुलिस गिरफ्त से बाहर है। यह सब राजनीतिक संरक्षण के बिना संभव नहीं है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष ने विज से मांगा इस्तीफा, बोले-गृह जिले में चलती रही शराब फैक्ट्री, कागजों में ही शेर
यमुनानगर पहुंचे कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष उदयभान ने कहा कि प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज के गृह जिले में शराब की अवैध फैक्ट्री चलती रही और 20 से अधिक मौतों के बाद सरकार की नींद खुली। उन्होंने कहा कि इससे पहले सोनीपत में भी इस तरह की घटना हुई थी। उन्होंने गृहमंत्री अनिल विज से इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार से मृतकों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये का मुआवजा और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की मांग की।

उन्होंने कहा कि बड़े दुर्भाग्य की बात है कि पिछले सप्ताह बुधवार और वीरवार को मुख्यमंत्री स्वयं यमुनानगर के दौरे पर थे। उनके सामने एक घटना आई, लेकिन वह पीड़ित परिजनों के घर संवेदना प्रकट करने भी नहीं गए। उन्होंने कहा कि यही हाल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का भी है, जो इस तरह की घटनाओं पर दिखावे के लिए एसआईटी तो गठित कर देते हैं, लेकिन उसका कोई परिणाम सामने नहीं आता।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें