करीब तीन माह पूर्व गांव कैल के पास पुलिस व गो रक्षा दल के सदस्यों पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने एक और आरोपी तस्कर को गिरफ्तार किया है। मामले में एक गो तस्कर पहले से पुलिस गिरफ्त में है। पकड़े गए गो तस्कर को पुलिस ने कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
तीन दिसंबर 2015 को थाना सदर जगाधरी के क्षेत्र गांव कैल के पास सूचना मिलने पर पुलिस व गोरक्षा दल के सदस्यों ने गो तस्करी के संबंध में नाकाबंदी की हुई थी। इस दौरान अंबाला की ओर से गऊओं से भरा ट्रक आता हुआ दिखाई दिया। जब गऊओं से भरे ट्रक को रोका गया तो ट्रक में सवार गो तस्करों ने पुलिस व गो रक्षक दल पर फायरिंग की। आरोपी फायरिंग करते हुए ट्रक को मौका पर ही छोड़कर फरार हो गए थे। मामले में पुलिस ने हत्या के प्रयास, हरियाणा गाय वंश सरंक्षण एवं गऊ सवर्धन एक्ट 2015, आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत अज्ञात गो तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डा. अरूण नेहरा ने मामले की जांच का जिम्मा डिटेक्टिव स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक संदीप कुमार को सौंपा। निरीक्षक संदीप कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसआई अशोक कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। गठित पुलिस टीम ने उक्त वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी चिलकाना निवासी सदाम को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। बुधवार देर शाम गुप्त सूचना पर पुलिस ने उक्त वारदात में शामिल दूसरे आरोपी चिलकाना निवासी मुनताज को जगाधरी बस स्टैंड से गिरफ्तार किया है। पकडे़ गए आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उपरोक्त वारदात में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।