गांव उन्हेड़ी में पंचायत चुनावों की रंजिश को लेकर कुछ युवकों ने एक युवक पर लाठी-डंडों से हमला कर उसे घायल कर दिया। घायल युवक रात के समय बाइक से अपने गांव जठलाना लौट रहा था। हमलावरों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग को लेकर गांव उन्हेड़ी की महिलाएं व पुरुष थाना जठलाना पहुंचे और करीब एक घंटा थाने में डटे रहे। जठलाना पुलिस द्वारा हमलावरों के विरुद्ध जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन मिलने के बाद ग्रामीण वापस लौटे।
गांव जठलाना निवासी मोनू ने जठलाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने गांव उन्हेड़ी में हुए पंचायती चुनावों में एक पक्ष के लोगों का साथ दिया था। जिस कारण गांव के कुछ लोग उससे रंजिश रखते थे। रात के समय जब वह गांव उन्हेड़ी से बाइक द्वारा अपने गांव जठलाना लौट रहा था तो रास्ते में अमित, राहुल, विक्की, आंशू व दो-तीन अन्य युवकों ने उस पर लाठी, डंडों से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। जठलाना पुलिस ने घायल की शिकायत पर चारों युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।