सड़क हादसे के मामले में चल रहे क्लेम केस में फर्जी दस्तावेज दायर कर आरोपी चालक ने बीमा कंपनी व एक अन्य साथी के साथ मिलकर क्लेम की राशि हड़प ली। पुलिस ने आरोपी चालक व बीमा कंपनी समेत तीन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। मामले में अभी किसी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया गया है।
गांव सिपियावाला निवासी सतीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 30 मई 2012 को वह सड़क हादसे में घायल हो गया था। इस दौरान उसने आरोपी चालक श्याम लाल के खिलाफ क्लेम केस दायर किया था। आरोप है कि आरोपी श्याम लाल ने अपने साथी गुलशन और एक बीमा कंपनी के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज बनाकर उसकी बीमे की क्लेम की राशि हड़प ली।
इस संबंध में पता चलने पर उसने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत कर दी। पुलिस ने सतीश की शिकायत पर आरोपी श्याम लाल, गुलशन व बीमा कंपनी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया। जांच अधिकारी एएसआई देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।