बुधवार शाम को पुराना हमीदा की आत्मापुरी कॉलोनी में पति ने पत्नी के सिर पर सोटा (मसाला पीसने वाली लकड़ी) से वार किया, जिससे पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई। हत्यारोपी पति मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना मिलते ही शहर पुलिस व डीएसपी मदन लाल ने मौका किया और कार्रवाई शुरू कर दी। दंपति के तीन बच्चे हैं, हादसे के समय तीनों बाहर थे।
पड़ोसियों के अनुसार शाम को कॉलोनी में रहने वाले शामा (35) की उसके पति संजीव उर्फ काला से बहस हुई थी। आरोप है कि गुस्साए संजीव ने शामा के सिर में सोटा मार दिया। खून से लथपथ शामा बैड पर गिर गई और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आस पास के लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर डीएसपी मदन लाल, सिटी एसएचओ प्रमोद वालिया व चौकी इंचार्ज यशपाल नेहरा ने मौका किया।
मृतका की बहन अंजू ने बताया कि करीब 15 साल पहले शामा की शादी हुई थी। शादी से शामा को तीन बच्चे हैं, जिसमें एक लड़की व दो लड़के हैं। इसमें सबसे बड़ा 14 साल का शुभम, 12 साल का गगन व 10 साल की बेटी पलक है।
हादसे के समय तीनों बच्चे घर से बाहर थे। शुभम घर लौटा तो उसने देखा कि खून से लथपथ उसकी मां बैड पर गिरी हुई है। अंजू के मुताबिक शादी के बाद से ही उसका जीजा उसकी बहन से झगड़ा करता था। चार साल पहले भी उसके पति ने उस पर कस्सी से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसकी शिकायत भी पुलिस में दी गई थी।
इस मामले में संजीव कुछ समय जेल काट कर आया था। बाद में परिजनों ने दोनों में समझौता करवा दिया था। परिजनों ने बताया कि सोनू नशे करता था, जिसकी वजह से घर में कलह रहता था। आरोप है कि सोनू ने शराब के नशे में ही वारदात को अंजाम दिया है।
हमीदा चौकी इंचार्ज यशपाल नेहरा ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है। परिजनों के बयान लिए जाएंगे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। परिजनों का आरोप है कि हत्या मृतका के पति ने की है और उसके बाद मौके से फरार हो गया।