खेड़ी रांगडान में जमीन विवाद को लेकर दो सौतेले भाइयों में झगड़ा हो गया। झगड़े के दौरान एक भाई ने अपने साथी के साथ मिलकर दो हवाई फायर किए। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। रविवार देर शाम तक पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी।
पुलिस को दी शिकायत के अनुसार खेड़ी रांगडान निवासी कुलविंदर सिंह का उसके उसके सौतेले भाई के साथ जमीन विवाद चल रहा है। रविवार दोपहर को वह अपने भतीजे पवन के साथ खेत में गेहूं की बिजाई कर रहा था। जब वे खेत को ट्रैक्टर से जोत रहे थे तो उसका सौतेला भाई अपने एक साथी के साथ खेत में पहुंच गया। उसके भाई के साथी के पास बंदूक थी। इससे पहले वह कुछ समझ पाता उसके भाई ने उससे जमीन विवाद को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
आरोप है कि इस दौरान उसके भाई के साथी ने उसे धमकाते हुए बंदूक से हवाई फायर कर दिया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठे गए। इसके बाद आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से चले गए। कुलविंदर ने बताया कि कुछ देर बाद वह ट्रैक्टर लेकर घर आ गया। उसके आने के कुछ देर बाद उसका सौतेला भाई बंदूक लेकर आ गया और उसे खेत जोतने को लेकर झगड़ा शुरू कर दिया।
आरोप है कि सौतेले भाई ने एक बार फिर यहां हवाई फायर किया। कुछ ही देर में लोगों की भीड़ लग गई। कुलविंदर ने घटना की सूचना पुलिस को दी। फर्कपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। इस मामले में फर्कपुर थाना प्रभारी दयाल सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।