गांव करेहड़ा खुर्द में किराएदार ने मकान मालिक पर उसकी 11 वर्षीय बच्ची के साथ मारपीट करने का आरोप लगाया। घायल लड़की का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है।
बिहार निवासी हवंती देवी ने बताया कि वह अपने परिवार के साथ गांव करेहड़ा खुर्द में किराए के मकान में रहती है। मंगलवार देर शाम उनके मकान मालिक के साले की यमुनानगर स्थित पैलेस में शादी थी। मकान मालिक उसकी 11 वर्षीय लड़की अनामिका को साथ लेकर अपने साले के घर यमुनानगर ले गया।
साले के घर से वह परिवार के सभी सदस्य सहित शादी में चले गए और उसकी लड़की अनामिका को घर के रखवाली के लिए बिठा दिया। इस दौरान खुद को अकेला पाकर उसकी लड़की डर गई और भूख लगने पर वह ऑटो में बैठकर करेहड़ा खुर्द वापस घर आ गई।
शादी के बाद मकान मालिक पैलेस से जब अपने साले के घर आया तो अनामिका को घर पर न देखकर वह भड़क गया और तुरंत करेहड़ा खुर्द में अपने घर पर पहुंचा। इस दौरान आरोपी ने उसके लड़की के साथ जमकर मारपीट की। बेटी के नाक से नकसीर चल गई और वह बेहोश हो गई।
इसके बाद मकान मालिक वहां से चला गया। बेसुद्ध हालत में वे अपनी बेटी को ट्रामा सेंटर में लेकर पहुंचे। जहां चिकित्सकों ने उसे उपचार दिया। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। सदर थाना प्रभारी का कहना है कि इस बारे में अभी उनके पास शिकायत नहीं आई है। शिकायत आने पर जो कार्रवाई बनेगी वह की जाएगी।