फर्कपुर थाना क्षेत्र के गांव सुढैल के नजदीक पुरानी रंजिश के कारण कुछ युवकों ने कार सवार युवक पर गोली चला दी। गोली युवक के पास से गुजर गई। पुलिस ने युवक की शिकायत पर छह युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव सुढैल निवासी सचिन शर्मा ने फर्कपुर पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले गांव मेहरा निवासी विक्रांत के साथ उसकी कहासुनी हो गई थी। उस समय लोगों ने बीच में आकर मामला शांत करवा दिया था। उसके बाद से विक्रांत रंजिश रखने लगा।
बुधवार को जब यमुनानगर में अपनी कार को ठीक करवाकर घर वापिस लौट रहा था। तब रास्ते में विक्रांत ने अपने दोस्तों लाडवा निवासी विपिन महंत, निर्मल, थबेड़ निवासी मोनू राणा, बकाली निवासी सोनू व मोनू के साथ कार में उसका पीछा किया।
जब वह गांव के नजदीक पहुंचा तो आरोपियों ने उस पर पिस्तौल से गोली चला दी। गोली उसके पास से निकल गई। गोली की आवाज सुनकर लोग इक्ट्ठा हो गए और आरोपी मौके से फरार हो गए।
उसने इसकी सूचना पुलिस को दी। वहीं पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ जान से मारने का प्रयास करने तथा आर्म एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।