जोड़िया गुरुद्वारे के पास फल विक्रेता को गोली मारकर हत्या का प्रयास करने के मामले में दूसरे आरोपी को भी डिटेक्टिव स्टाफ ने काबू कर लिया है। आरोपी ससोली-खेड़ी रोड पर एक अन्य साथी के साथ हथियारों के दम पर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में था।
पुलिस टीम ने मौके पर दोनों आरोपियों को धर-दबोचा। आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टे व दो कारतूस बरामद किए। एक आरोपी को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश कर चुकी है। दोनों आरोपियों के कब्जा से दो देसी कट्टे व दो जिंदा रौंद भी बरामद किए गए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 18 सितंबर की रात करीब 9:30 बजे गुरुद्वारे के पास फल विक्रेता सुशील कुमार पर रंजिश के चलते दो बाइक सवार युवकों ने गोली चलाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया था। इस मामले में थाना फर्कपुर पुलिस ने केस दर्ज किया।
इसकी जांच डिटेक्टिव स्टाफ के प्रभारी निरीक्षक संदीप कुमार को सौंपी गई। टीम ने 21 सितंबर को वारदात में शामिल आरोपी कैंप की जैन कॉलोनी निवासी सुनील कुमार उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया। उस दौरान उसके कब्जे से एक देसी कट्टे व बाइक भी बरामद की गई थी।
वारदात में शामिल अन्य आरोपी हन्नी उर्फ गंजा निवासी कैंप की पुलिस को तलाश थी। गुरुवार रात डिटेक्टिव स्टाफ की टीम को सूचना मिली कि दो लोग ससोली-खेड़ी रोड पर हीरा पैलेस के सामने हथियारों के बल पर लूट की वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
टीम ने एक फर्जी राहगीर तैयार कर मौके पर भेजा और जैसे ही फर्जी राहगीर पर दोनों आरोपियों ने हथियार तान दिए, टीम ने उन्हें काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान अन्नी उर्फ गंजा निवासी वीना नगर कैंप व आस मोहम्मद उर्फ कल्लू निवासी प्रभुदनगर उत्तरप्रदेश के रूप में हुई।