रिजर्व कोटे में हुडा में प्लॉट होने के बावजूद धोखे से और प्लॉट खरीदने पर आठ लोगों और सामने आए हैं। आरोपियों पर झूठा शपथ पत्र देकर प्लॉट खरीदने का आरोप है। जांच के बाद पुलिस ने हुडा इस्टेट ऑफिसर व जगाधरी एसडीएम प्रेमसिंह की शिकायत पर आठों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले में अभी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
जगाधरी एसडीएम एवं हुडा इस्टेट अधिकारी प्रेम सिंह ने शहर जगाधरी पुलिस को दी शिकायत में बताया कि पूरे प्रदेश में बनाए गए हुडा सेक्टरों में एससी, मिलिट्री आदि रिजर्व कोटे के तहत कम दामों पर प्लॉट दिए जाते हैं। इस कोटे में एक व्यक्ति हुडा में केवल एक ही प्लाट खरीद सकता है।
हुडा में एक से अधिक प्लॉट खरीदने वालों के खिलाफ विभाग ने अभियान चलाया हुआ है। मंगलवार को जहां सात लोगों ने हुडा में फर्जी दस्तावेजों के आधार पर हुडा में प्लॉट होने के बावजूद और प्लॉट लिए हुए पाए गए। वहीं बुधवार को भी आठ नए मामले प्रकाश में आए हैं। मामले में आठ लोगों एक प्लॉट होने के बावजूद और प्लॉट खरीदे हुए हैं। जांच में पाया गया कि आठों लोग ऐसे हैं जिनके पास पहले से रिजर्व कोटे प्रदेश के विभिन्न हुडा सेक्टरों में प्लॉट आवंटित थे।
इसमें हिसार की रेशमा देवी, रोहतक सेक्टर-1 निवासी मंजू, रोहतक के वार्ड नंबर-11 निवासी राजेश कुमार, सेक्टर-24 चंडीगढ़ निवासी प्रदीप कुमार, सेक्टर-14 हिसार निवासी रूपचंद, नरवाना निवासी देवा सिंह, जींद के गांव अनूपगढ़ निवासी जगदीश चंद्र व सेक्टर-15 पंचकूला निवासी अनूप सिंह के पास फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जगाधरी के हुडा में प्लॉट खरीदे हुए पाए गए। जबकि आरोपियों के पास अन्य जिलों में उनके नाम पर रिजर्व कोटे में हुडा में प्लॉट हैं।
अर्बन इस्टेट ऑफिसर प्रेमसिंह ने इसकी शिकायत जगाधरी शहर थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामले की जांच के बाद आठों लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी से रिजर्व कोटे में प्लॉट खरीदने का मामला दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी है। हुडा चौकी प्रभारी एएसआई देवेंद्र सिंह सिंह का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
मंगलवार को सात लोगों पर हुआ था केस दर्ज
हुड में एक प्लॉट होने के बावजूद धोखे से अतिरिक्त प्लॉट खरीदने पर प्रशासन ने कमर कस ली है। मंगलवार को जहां एसडीएम व अर्बन इस्टेट ऑफिसर प्रेमसिंह की शिकायत पर जिला फतेहाबाद के गांव गोरखपुर निवासी राजबीर सिंह, हुडा सेक्टर-18 निवासी डा. सत्यवीर सिंह, हिसार के हांसी मोहल्ला रामपुरा निवासी राजेश कुमार, हुडा सेक्टर 17 निवासी डा. आरपी अग्रवाल, हिसार निवासी अनूप जैन, सेक्टर 13 भिवानी निवासी मेवा देवी, जींद के सफीदों निवासी राम मेहर नामजद है। वहीं बुधवार देर शाम एसडीएम की शिकायत पर आठ और लोगों पर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।