शहर थाना जगाधरी के अंतर्गत अर्जुन नगर चौकी में तैनात कांस्टेबल राजीव कुमार द्वारा दो लोगों को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर सात लाख रुपये की उगाही करने का मामला प्रकाश में आया है। इस मामले में दो महिलाओं तथा एक व्यक्ति ने हेडकांस्टेबल का साथ दिया है।
शहर पुलिस ने दोनों पीड़ितों की शिकायत के आधार पर हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, गांव लालछप्पर निवासी चंद्रमोहन, यमुनानगर के तिलक नगर निवासी पूनम तथा विकास नगर निवासी आशु के खिलाफ केस दर्ज किया है। बुधवार देर शाम पुलिस ने हेड कांस्टेबल राजीव कुमार को सस्पेंड कर दिया। आरोपी हेडकांस्टेबल और अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
गहने बेचकर दिए थे हेडकांस्टेबल को पैसे
सहारनपुर के गांव टाबर निवासी किसान राज के मुताबिक हेडकांस्टेबल राजीव कुमार ने उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर पांच लाख रुपये की मांग की थी। साढ़े तीन लाख रुपये में सौदा हुआ। उसने घर के गहने बेच कर हेडकांस्टेबल को साढ़े तीन लाख रुपये दिए। किसान को बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की कहानी किसी फिल्मी स्टोरी से कम नहीं है।
किसान के मुताबिक यमुनानगर के तिलक नगर में रहने वाली पूनम उसे बार-बार फोन कर बातें करती थीं। एक दिन राज ने अपने दोस्त के साथ मिलकर रेलवे रोड पर लड़की को समझाने का प्रयास किया कि वह उसे बार-बार फोन करके तंग न करे। अगले दिन उसी लड़की के फोन से उसके मोबाइल पर फोन आया और बात करने वाले ने स्वयं को हेड कांस्टेबल राजीव कुमार बताया।
साथ ही उसने उस पर लड़की के साथ छेड़छाड़ तथा बलात्कार करने की बात कही। शिकायतकर्ता के मुताबिक अगली रात करीब 11 बजे राजीव उसके घर आ धमका और चौकी में हाजिर होने की बात कहकर चला गया। जब वह चौकी पहुंचा, तो राज ने स्वयं को बेकसूर बताया। जहां पर राजीव ने उस पर लड़की से बलात्कार का आरोप लगाते हुए 15 साल तक जेल में सड़ने की धमकी दी।
कुछ समय बाद राजीव ने उसे मामला पांच लाख रुपये में निपटाने का ऑफर दिया। शिकायतकर्ता के मुताबिक जून, 2015 में उसने हेड कांस्टेबल को साढ़े तीन लाख रुपये दिए। पुलिस ने राज की शिकायत पर हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, गांव लाल छप्पर निवासी चंद्रमोहन तथा तिलक नगर निवासी पूनम के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
लाल छप्पर के किसान से भी की साढ़े तीन लाख की उगाही
हेड कांस्टेबल राजीव कुमार ने लाल छप्पर गांव के किसान श्याम लाल को भी बलात्कार के झूठे केस में फंसाने का डर दिखाकर उससे साढ़े तीन लाख रुपये की उगाही की है। किसान के मुताबिक विकास नगर निवासी आशु उसे फोन पर बात करती थी। हेड कांस्टेबल ने आशु तथा लाल छप्पर निवासी चंद्र मोहन के साथ मिलकर उसे उसे बलात्कार के झूठे केस में फंसाने की साजिश रची।
मामले को रफादफा करने के एवज में उससे साढ़े तीन लाख रुपये ऐंठ लिए। श्याम लाल ने मामले की शिकायत एसपी को दी। जांच के दौरान जब आरोप सही पाए गए, तो आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। शहर पुलिस ने श्याम लाल की शिकायत पर हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, लाल छप्पर निवासी चंद्र मोहन तथा विकास नगर निवासी आशु के खिलाफ भादंसं की धारा 389, 506, 120बी के तहत केस दर्ज कर लिया है।
आरोपी हेडकांस्टेबल ने राज को दिए पैसे वापस
राज के मुताबिक कुछ दिन पहले उसके भाई की मौत हो गई थी, इसलिए वह समय रहते शिकायत नहीं दे पाया। करीब 20 दिन पहले उसने एसपी को मामले की शिकायत दी थी। इसके बाद पुलिस हरकत में आई है। साथ ही उसने बताया कि जब हेड कांस्टेबल को एसपी को शिकायत देने के मामला का पता चला, तो कुछ दिन पहले जगाधरी की अनाज मंडी में आरोपी हेड कांस्टेबल के साथ उसकी मीटिंग हुई थी। जिसके बाद हेड कांस्टेबल ने उसे रुपये वापस कर दिए। लेकिन इस मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी हेडकांस्टेबल ने गुनाह किया है, इसलिए उसके खिलाफ कार्रवाई तो बनती है।
शहर पुलिस ने सहारनपुर के गांव टाबर निवासी राज तथा यमुनानगर के गांव लाल छप्पर निवासी श्याम लाल की शिकायत पर अर्जुन नगर चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल राजीव कुमार के खिलाफ दोनों से सात लाख की उगाही करने तथा जान से मारने की धमकी देने का केस दर्ज किया है। मामले की गंभीरता के मद्देनजर पुलिस ने आरोपी हेड कांस्टेबल को सस्पेंड कर दिया है। इस मामले में विकास नगर निवासी आशु तथा तिलक नगर निवासी पूनम तथा गांव लाल छप्पर निवासी चंद्र मोहन भी नामजद हैं। जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा दबिश दी जा रही है।
प्रवीण कुमार, पुलिस प्रवक्ता, यमुनानगर पुलिस।