चेन स्नैचिंग के आरोप में सीआईए स्टाफ की टीम ने दो आरोपियों को वारदात के 24 घंटे के भीतर ही धर-दबोचा। आरोपियों से सोने की चेन सहित कट्टा और कारतूस व चाकू बरामद किया। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि 31 अगस्त को बाइक पर दो युवकों ने चेन स्नैचिंग की वारदात को अंजाम दिया था।
एनजी मॉल के नजदीक दोनों एक महिला के गले से सोने का लॉकेट और इसी प्रकार से थाना फर्कपुर क्षेत्र से एक महिला के गले की चेन झपट ली थी।
थाना शहर यमुनानगर और थाना फर्कपुर में इस संबंध में केस दर्ज हुए थे। एसपी ने आरोपियों को पकड़ने की जिम्मेदारी सीआईए स्टाफ के इंचार्ज निरीक्षक राकेश कुमार को सौंपी। सीआईए निरीक्षक राकेश कुमार ने सीआईए स्टाफ के एएसआई धर्मपाल के नेतृत्व में टीम का गठन किया।
टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी अमरजीत निवासी गली नंबर-2 तुड़ीवाला बाजार, आजादनगर सुलतान पिड़ रोड अमृतसर पंजाब व विक्रमजीत सिंह निवासी गली नबर-16 मंदिर वाला बाजार सुलतान पिड़ रोड अमृतसर पंजाब को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि उपरोक्त आरोपी वारदात में छीनी हुई सोने की चेनों को बेचने की फिराक में हैं और जिनके पास एक कट्टा व एक चाकू है। पुलिस टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए कमानी चौक के पास नाकेबंदी की। नाकेबंदी के दौरान दोनों आरोपियों को पुलिस टीम ने काबू किया।
गहनता से पूछताछ की तभी आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उन्होंने बाइक पर सवार होकर चोपड़ा गार्डन थाना फर्कपुर व एनजी मॉल यमुनानगर के नजदीक से महिलाओं के गले की सोने की चेनें छीनी थीं। आरोपियों से छीनी हुई सोने की चेनें बरामद कर आरोपियों से हथियार भी बरामद कर लिए।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि आरोपी अमरजीत को अमृतसर (पंजाब) में हत्या के केस में उम्रकैद की सजा हुई है और वह जेल से पैरोल पर आया हुआ है। जबकि दूसरा आरोपी विक्रमजीत सिंह भी मादक पदार्थों के केसों में अमृतसर जेल में रह चुका है और जेल में रहते ही इन दोनों आरोपियों की आपस में दोस्ती हुई थी।