गोतस्करी को लेकर सख्त कानून बनाए जाने के बावजूद तस्करों के हौसले इतने बुलंद हैं कि वह पुलिस व गोरक्षकों पर जानलेवा करने से भी गुरेज नहीं कर रहे। रादौर के लाल छप्पर घाट पर बुधवार अल सुबह तस्करों ने जठलाना पुलिस की पार्टी पर गोवंशजों से भरी गाड़ी चढ़ाकर कुचलने का प्रयास कर किया।
कुछ ही दूरी पर गाड़ी को छोड़ आरोपी फरार हो गए। थाना जठलाना पुलिस ने एएसआई सुभाषचंद के बयान पर दो अज्ञात लोगों पर जानलेवा हमला करने सहित गोकसी एक्ट के तहत केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस को दी शिकायत में एएसआई सुभाषचंद ने कहा कि बुधवार सुबह उन्हें सूचना मिली कि कुछ लोग एक गाड़ी में गोवंशजों को भरकर लाल छप्पर घाट के रास्ते यूपी ले जा रहे हैं।
सूचना पाकर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर वाहनों की रोक कर जांच शुरू कर दी। इसी दौरान टीम को एक गाड़ी आती हुई दिखी, जिसे रुकने का इशारा किया गया। गाड़ी चला रहे व्यक्ति ने रुकने के बजाए उन समेत टीम के अन्य सदस्यों पर तेज रफ्तार में गाड़ी चढ़ाने का प्रयास किया। गनीमत रही समय रहते रास्ते से हट जाने पर पुलिस कर्मी बच गए। आरोपियों का पीछा करने पर कुछ ही दूरी पर तस्कर गाड़ी को छोड़ फरार हो गए। उक्त गाड़ी से पुलिस को चार गाय, तीन बछड़े बरामद हुए, जिन्हें मुक्त कराने के बाद दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।