मॉडर्न कॉलोनी निवासी सोनिया ने कॉलोनी के ही दो लोगों पर उसके घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया है। मामले में पुलिस कार्रवाई न होने पर महिला ने इसकी शिकायत सीएम विंडो में दी। सोनिया ने सीएम विंडो में दी शिकायत में बताया कि सात नवंबर को बिजली निगम का एक कर्मचारी उसके घर का मीटर कमरे में शिफ्ट कर रहा थे। तभी कॉलोनी के ही दो लोगों ने उस पर और बिजली कर्मचारी पर हमला कर दिया।
उसने महिला हेल्पलाइन में फोन करके पुलिस को बुलाया और आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने उसकी और बिजली कर्मचारी अनिल की मेडिकल जांच करवाई। अब तक आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज नहीं किया गया। महिला ने बताया कि 18 नवंबर को दोपहर बाद उक्त आरोपियों ने फिर से उसके घर में घुसकर डंडों से हमला कर दिया।
शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग गए। उसने पुलिस कंट्रोल रूम में फोन करके पुलिस को बुलाया। महिला का आरोप है कि पुलिस ने उसकी बात सुनने से इंकार कर दिया। उसके बाद वह शिकायत लेकर गांधी नगर चौकी में गई।
जहां पुलिस ने उसे बताया कि उक्त आरोपियों को बुधवार को चौकी बुलाया गया है। बुधवार को वह चौकी में गई। जहां पुलिस ने उससे कहा कि कितनी बार कार्रवाई करें। महिला का आरोप है कि आरोपी उसे व उसकी बेटी को जाने से मारने की धमकी दे रहे हैं।