खिजराबाद। दादूपुर हेड पर दोस्तों के साथ संडे की छुट्टी मनाने आए 17 वर्षीय युवक की पानी में डूबने से मौत हो गई। गोताखोर की टीम को सोमवार को उसका शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
जानकारी के अनुसार अमर विहार कॉलोनी जगाधरी निवासी सूरज 17 वर्षीय अपने तीन अन्य दोस्तों के साथ रविवार शाम के समय दादूपुर हेड पर घूमने आया था। इस दौरान वे तीनों दादूपुर हेड पर नहाने लगे। नहाते समय सूरज का साथी सोनू पानी में डूबने लगा। जिस को बचाने के लिए पास ही नहा रहे दूसरे युवक और सूरज उसकी तरफ गए। दोनों ने सोनू को बाहर निकाल लिया, लेकिन इसी दौरान सूरज अचानक डूब गया। क्योंकि युवक को बचाने के चक्कर में सूरज की तरफ किसी का ध्यान नहीं गया। दोस्तों द्वारा पानी में काफी तलाश करने के बाद भी सूरज को कोई पता नहीं चल पाया। सूरज के साथ घूमने आए सोनू और अन्य दो दोस्तों ने इसकी सूचना सूरज के परिजनों को दी। परिजनों ने सूरज के डूबने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने सोमवार को मौके पर पहुंच लोकल गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश शुरू की। करीब चार घंटे तलाश करने के बाद सूरज की डेड बॉडी मिली। जिसे बाहर निकाला गया और परिजनों द्वारा शनाख्त की गई। मृतक सूरज के दोस्त सोनू ने बताया कि वह इकट्ठे एक फैक्टरी में काम करते हैं। सूरज सरकारी स्कूल जगाधरी में दसवीं क्लास में पढ़ता था। रविवार को छुट्टी मनाने के लिए वह दादूपुर हेड पर आए थे। हेड पर आकर वह पानी में नहाने लगे। जिस दौरान यह हादसा हुआ मृतक सूरज के दोस्त सोनू ने बताया कि पानी में तो वह खुद डूबने वाला था। जिसको डूबने से कुछ पल पहले सूरज ने बाल पकड़कर पानी से ऊपर खींच लिया था। उसको तो वहां पर नहा रहे युवकों ने बाहर निकाल लिया। इसी दौरान सूरज पानी की गहराई में चला गया और वह नजर नहीं आया। सोनू ने बताया कि सूरज मेरी जान बचाने के लिए अपनी जान पर खेल गया। थाना प्रभारी बुढ़िया रामकुमार का कहना है कि पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक दादूपुर हेड पर डूब गया। उसकी डेड बॉडी गोताखोरों की मदद से तलाश कर ली गई है। परिजनों द्वारा मृतक युवक की शनाख्त कर ली गई है। युवक की डेड बॉडी पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दी गई है।