रात को यमुना घाट पर खनन कर रही जेसीबी पकड़ी, संचालक पर एफआइआर, ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं
जठलाना। रेत खनन ठेकेदारों द्वारा नियमों के विपरित खनन किए जाने का सिलसिला रूकने का नाम नहीं ले रहा है। क्षेत्र के लोग इसको लेकर लंबे समय तक संघर्ष करते आ रहे हैं, लेकिन न तो प्रशासन इस पर रोक लगा पाया है और न ही सरकार इसको लेकर सख्त कदम उठा सकी है। जिसको लेकर धड़ल्ले से नियमों को ताक पर रखकर खनन का खेल जारी है। जठलाना घाट पर रात के समय खनन किया जा रहा था। जिसकी सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और एक जेसीबी को पकड़ लिया। पुलिस ने माईनिंग एक्ट व चोरी की धाराओं के तहत एक व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है। जबकि ठेकेदार के खिलाफ नरमी बरती गई है। बताया जा रहा है कि यमुनानगर में खनन के काम को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है और कई बड़े सफेदपोश लोगों के रिश्तेदार और जानकार इस काम में लगे हुए हैं। इसलिए पुलिस, खनन विभाग और प्रशासन उनके खिलाफ कार्रवाई करने से बचते हैं।
बॉक्स
संचालक के खिलाफ एफआइआर
जांच अधिकारी मेहर सिंह ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि रात के समय यमुनानदी से नियमों के विपरीत खनन किया जा रहा है। सूचना मिलने पर वह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एक व्यक्ति जेसीबी की सहायता से यमुनानदी से रेत निकाल रहा है और ट्रकों में भर रहा है। पुलिस को अपनी ओर आता देख जेसीबी संचालक मौके से भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया और खनन में प्रयोग की जा रही जेसीबी को भी कब्जे में ले लिया। पुलिस ने जेसीबी संचालक कमलेश कुमार निवासी उपलाबासना थाना बांसुर जिला अलवर के खिलाफ माईनिंग एक्ट व चोरी का मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बॉक्स
ठेकेदार तोड़ रहे हैं नियम
ग्रामीण शिवकुमार, अमरजीत सिंह, वरयाम सिंह आदि का कहना है कि नियमों के विपरीत खनन की कहानी कोई नई नहीं है। यह खेल रात के समय हर रोज जारी रहता है, लेकिन प्रशासन कोई कार्रवाई नहीं करता। जिससे उनकी कार्यप्रणाली को लेकर सवालियां निशान उठते रहते है। हैरत की बात तो यह है कि हर दिन नियमों के विपरीत हो रहा खनन कार्य जनता को तो दिखाई दे रहा है, लेकिन प्रशासन को नहीं। नियमों के तहत शाम को सात बजे के बाद से खनन नहीं किया जा सकता। साथ ही यमुना के बहते पानी में रेत निकालने पर भी रोक है।इतना ही नहीं भारी भरकम मशीनों से खनन नहीं किया जा सकता।
बॉक्स
ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई नहीं
पुलिस ने यहां भी ठेकेदार को बचाने का काम किया। पुलिस ने मशीन आपरेटर और संचालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई है। जबकि जिस घाट पर यह मशीन चल रही थी। वह ठेकेदार की परमिशन से ना चल रही हो, ऐसा हो नहीं सकता। क्योंकि घाट पर हर वक्त ठेकेदार के कारिंदे मौजूद रहते हैं। ऐसे में पुलिस ने ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई से बचती नजर आ रही है।
वर्जन
यह कार्रवाई की गई है। जिसमें ठेकेदार के कर्मचारी जो जेसीबी से रात के समय खुदाई कर रहा था उसके खिलाफ कार्रवाई की गई। ठेकेदार मौके पर नहीं मिला था। अगर इसमें ठेकेदार की संलिप्ता पाई गई तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।-मेहर सिंह, जांच अधिकारी
फोटो नंबर 17